Breaking News

बीजेपी 18 सितंबर से शुरू करेगी ‘नशा मुक्त पंजाब' यात्रा, 30 सितंबर तक चलेगी     |   11-13 सितंबर तक आम जनता के लिए राष्ट्रपति भवन, म्यूजियम, अमृत उद्यान बंद रहेगा     |   लाल सिंह आर्या BJP के किसान मोर्चा के प्रभारी बने, सतीश पूनिया के जिम्मे ST मोर्चा     |   BJP ने पुरंदेश्वरी को महिला मोर्चा और वैजयंत पांडा को OBC मोर्चा का प्रभार सौंपा     |   UP सरकार की योजनाओं में बढ़ा AI का इस्तेमाल, पेंशन-छात्रवृत्ति पर भी निगरानी     |  

कर्नाटक: बचाव अभियान के दौरान घायल तेंदुए ने वन विभाग के कर्मचारी पर किया हमला

दावणगेरे (कर्नाटक), आठ सितंबर (भाषा) कर्नाटक के दावणगेरे जिले में राजमार्ग पर एक कार की टक्कर से घायल हुए तेंदुए को बचाने की कोशिश के दौरान वन विभाग के एक कर्मचारी पर इस जानवर ने हमला कर दिया। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

घटना का वीडियो भी रिकॉर्ड हो गया जो बाद में सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से प्रसारित होने लगा।

अधिकारियों के अनुसार, कार की टक्कर के बाद घायल तेंदुआ राजमार्ग पर पड़ा मिला था। सूचना मिलने पर वन विभाग ने उसे बचाने के लिए एक टीम मौके पर भेजी।

वन विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पशु चिकित्सक तेंदुए को बेहोश करने के लिए दवा देने की कोशिश कर रहे थे। शुरुआत में तेंदुआ शांत था, लेकिन बाद में वह आक्रामक हो गया।

उन्होंने बताया कि मौके पर जमा भीड़ के शोर मचाने और तस्वीरें व वीडियो बनाने से संभवत: वह आक्रामक हुआ।

अधिकारी ने बताया कि बेहोशी की दवा का पूरी तरह असर होने से पहले ही तेंदुए ने अचानक वन विभाग के एक कर्मचारी पर हमला कर दिया।

वीडियो में तेंदुए को कर्मचारी पर छलांग लगाकर उसे जमीन पर पटकते देखा जा सकता है। कर्मचारी के सहयोगी तुरंत बचाने को दौड़े और तेंदुए का ध्यान भटकाने के लिए लाठियों का इस्तेमाल किया। इससे कर्मचारी किसी तरह उसके चंगुल से निकलकर खड़ा हो सका।

इसके बाद तेंदुआ कर्मचारियों से दूर हट गया और राजमार्ग के किनारे घास वाले इलाके की ओर भाग गया।

अधिकारियों ने बताया कि वन विभाग की टीम बाद में घायल तेंदुए को काबू करने में सफल रही और उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।

अधिकारी ने बताया कि घायल कर्मचारी वन विभाग में वन प्रहरी के पद पर तैनात है। उसके बाएं हाथ और पैर पर खरोंचें आई हैं।

अधिकारी ने कहा, “उसकी हालत स्थिर है और उसे एक दिन के लिए अस्पताल में निगरानी में रखा गया है। संभवत: कल उसे छुट्टी दे दी जाएगी।”

अधिकारियों ने बताया कि तेंदुए का फिलहाल एक बचाव केंद्र में उपचार किया जा रहा है और उसकी हालत भी स्थिर बताई गई है।

भाषा खारी नरेश

नरेश