इंफाल, आठ सितंबर (भाषा) उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने मंगलवार को मणिपुर के बिष्णुपुर जिले में आईएनए शहीद स्मारक परिसर में स्वतंत्रता सेनानी नेताजी सुभाष चंद्र बोस को श्रद्धांजलि अर्पित की। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि राधाकृष्णन ने मोइरांग कांगला स्थित ऐतिहासिक ध्वजारोहण स्थल का दौरा किया, जहां नेताजी बोस के नेतृत्व वाली आजाद हिंद फौज (आईएनए) ने 14 अप्रैल, 1944 को पहली बार भारतीय धरती पर तिरंगा फहराया था। उन्होंने बताया कि उपराष्ट्रपति ने आईएनए युद्ध संग्रहालय दीर्घा का भी दौरा किया, जो आईएनए के शौर्य और बलिदान को समर्पित है।
इसके अलावा राधाकृष्णन ने परिसर में नेताजी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की।
संग्रहालय में पत्रों, तस्वीरों, सैन्य रैंक के बैज और युद्ध से जुड़ी अन्य स्मृतियों का संग्रह है, जो आगंतुकों को नेताजी के नेतृत्व में सैनिकों के महान बलिदान की याद दिलाता है।
उपराष्ट्रपति के साथ राज्यपाल अजय कुमार भल्ला, गृह मंत्री गोविंदास कोंथौजम, कला एवं संस्कृति मंत्री खुराईजम लोकेन और विधायक थ. शांति भी थे।
राधाकृष्णन ने इंफाल स्थित सैनिक स्कूल का भी दौरा किया। इससे पहले दिन में इंफाल हवाई अड्डे पहुंचने पर उपराष्ट्रपति को ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ दिया गया।
अधिकारी ने बताया कि असम से मणिपुर पहुंचे राधाकृष्णन मंगलवार को मणिपुर से अरुणाचल प्रदेश के ईटानगर स्थित डोनी पोलो हवाई अड्डे के लिए रवाना होंगे।
भाषा जितेंद्र अविनाश
अविनाश