Breaking News

बीजेपी 18 सितंबर से शुरू करेगी ‘नशा मुक्त पंजाब' यात्रा, 30 सितंबर तक चलेगी     |   11-13 सितंबर तक आम जनता के लिए राष्ट्रपति भवन, म्यूजियम, अमृत उद्यान बंद रहेगा     |   लाल सिंह आर्या BJP के किसान मोर्चा के प्रभारी बने, सतीश पूनिया के जिम्मे ST मोर्चा     |   BJP ने पुरंदेश्वरी को महिला मोर्चा और वैजयंत पांडा को OBC मोर्चा का प्रभार सौंपा     |   UP सरकार की योजनाओं में बढ़ा AI का इस्तेमाल, पेंशन-छात्रवृत्ति पर भी निगरानी     |  

इलेक्ट्रिक वाहनों की खुदरा बिक्री अगस्त में 53 प्रतिशत बढ़कर 2.98 लाख इकाई पर

नयी दिल्ली, आठ सितंबर (भाषा) देश में इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी) की खुदरा बिक्री अगस्त में सालाना आधार पर 52.9 प्रतिशत बढ़कर 2,98,448 इकाई हो गई। फेडरेशन ऑफ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशंस (फाडा) ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

इसके साथ ही कुल वाहन बिक्री में इलेक्ट्रिक वाहन की हिस्सेदारी बढ़कर 12.3 प्रतिशत हो गई, जो पिछले साल इसी अवधि में 9.5 प्रतिशत थी।

फाडा के अनुसार, पिछले महीने ईवी बिक्री में हुई इस वृद्धि में सबसे अधिक योगदान दोपहिया वाहनों का रहा। इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहनों की बिक्री अगस्त में 67.05 प्रतिशत बढ़कर 1,83,204 इकाई हो गई, जबकि पिछले साल समीक्षाधीन महीने में यह आंकड़ा 1,09,673 इकाई था।

इलेक्ट्रिक यात्री वाहनों (पीवी) की खुदरा बिक्री भी अगस्त, 2026 में बढ़कर 30,696 इकाई रही, जो अगस्त, 2025 में 20,210 इकाई थी।

इलेक्ट्रिक तिपहिया वाहनों की बिक्री अगस्त में 25.28 प्रतिशत बढ़कर 79,846 इकाई हो गई, जबकि एक साल पहले इसी अवधि में यह 63,736 इकाई थी।

फाडा के आंकड़ों के अनुसार, इलेक्ट्रिक वाणिज्यिक वाहनों (सीवी) की खुदरा बिक्री अगस्त में करीब तीन गुना होकर 4,702 इकाई हो गई। अगस्त, 2025 में इन वाहनों की बिक्री 1,631 इकाई थी।

फाडा के अध्यक्ष साई गिरिधर ने कहा, ‘‘अगस्त, 2026 भारत में बिजलीचालित परिवहन के लिए अबतक का सबसे बेहतर अगस्त का महीना रहा। सभी श्रेणियों में ईवी बिक्री 2,98,448 इकाई तक पहुंच गई, जो सालाना आधार पर 52.9 प्रतिशत अधिक है। इससे कुल ईवी हिस्सेदारी 9.5 प्रतिशत से बढ़कर 12.3 प्रतिशत हो गई।’’

उन्होंने कहा कि ईवी की सभी चार श्रेणियों ने अगस्त में अबतक का सबसे बेहतर प्रदर्शन दर्ज किया और किसी भी श्रेणी में गिरावट नहीं आई।

गिरिधर ने कहा कि इलेक्ट्रिक वाणिज्यिक वाहनों के लिए अगस्त सबसे अच्छा महीना रहा और इनकी बिक्री रिकॉर्ड 4,702 इकाई पर पहुंच गई।

उन्होंने कहा, ‘‘इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहनों की बिक्री सालाना आधार पर 67 प्रतिशत बढ़ी और त्योहारों के दौर नहीं होने होने के बावजूद इनकी हिस्सेदारी 10 प्रतिशत से अधिक बनी रही। अब कुल ईवी खुदरा बिक्री में इनकी हिस्सेदारी 60 प्रतिशत से अधिक है। वहीं, तिपहिया वाहनों में ईवी की हिस्सेदारी 65.3 प्रतिशत तक पहुंच गई है और यात्री इलेक्ट्रिक वाहनों की कुल बिक्री में ईवी की हिस्सेदारी बढ़कर 7.6 प्रतिशत पर पहुंच गई है।’’

भाषा यासिर अजय

अजय