Breaking News

बीजेपी 18 सितंबर से शुरू करेगी ‘नशा मुक्त पंजाब' यात्रा, 30 सितंबर तक चलेगी     |   11-13 सितंबर तक आम जनता के लिए राष्ट्रपति भवन, म्यूजियम, अमृत उद्यान बंद रहेगा     |   लाल सिंह आर्या BJP के किसान मोर्चा के प्रभारी बने, सतीश पूनिया के जिम्मे ST मोर्चा     |   BJP ने पुरंदेश्वरी को महिला मोर्चा और वैजयंत पांडा को OBC मोर्चा का प्रभार सौंपा     |   UP सरकार की योजनाओं में बढ़ा AI का इस्तेमाल, पेंशन-छात्रवृत्ति पर भी निगरानी     |  

नेपाल बाढ़: मृतकों की संख्या बढ़कर 1,357 हुई; बचाव अभियान जारी

(शिरीष बी प्रधान)

काठमांडू, आठ सितंबर (भाषा) नेपाल में अचानक आयी विनाशकारी बाढ़ से प्रभावित इलाकों से और शव बरामद किए जाने के बाद मंगलवार को मृतकों की संख्या बढ़कर 1,357 हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

राष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण एवं प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीआरआरएमए) ने बताया कि बचाव दल अब भी 5,326 लोगों की तलाश कर रहे हैं जबकि अब तक 13,583 लोगों को बचाया जा चुका है।

नेपाल-तिब्बत सीमा के पास 26 अगस्त को हिमस्खलन के कारण अचानक भोटेकोशी नदी में आयी बाढ़ ने उत्तरी और मध्य नेपाल के कस्बों तथा गांवों में भारी तबाही मचाई। अलग-अलग प्रभावित इलाकों से और शव मिलने के बाद, मरने वालों की संख्या 1,357 हो गई है।

सुरक्षाबलों की संयुक्त कमान ने अब तक चितवन जिले से 363 शव, नवलपरासी पूर्व से 223, नवलपरासी पश्चिम से 222 और नुवाकोट से 197 शव बरामद किए गए हैं।

इसी तरह, रसुवा से 169, गोरखा से 75, धादिंग से 70 और तनहूं से 38 शव बरामद किए गए हैं।

एनडीआरआरएमए के मुताबिक सोमवार तक केवल 102 शवों की पहचान की गई और उन्हें उनके परिवारों को सौंपा गया।

चीनी मीडिया की खबरों के मुताबिक इस आपदा से चीन नियंत्रित तिब्बत में भी कम से कम 43 लोगों की मौत हुई है, जबकि 500 से अधिक लोग अब भी लापता हैं।

एनडीआरआरएमए के अनुसार, सोमवार तक रासुवा, नुवाकोट और धादिंग में सरकार द्वारा संचालित आश्रय शिविरों में करीब 3,500 लोग रह रहे थे। लेकिन बाढ़ से बेघर हुए कई अन्य लोगों ने जहां भी जगह मिली, वहां शरण ली है जिनमें स्कूल, मंदिर, मठ, खाली कार्यालय की इमारतें, सामुदायिक इमारतें और जंगलों में लगाए गए तंबू शामिल हैं।

बाढ़ प्रभावित जिलों में जल विद्युत परियोजनाओं पर भी बड़े पैमाने पर बचाव अभियान चलाए जा रहे हैं और आशंका है कि इन परियोजनाओं की भूमिगत सुरंगों में करीब 121 लोग फंसे हो सकते हैं।

भाषा धीरज वैभव

वैभव