Breaking News

बीजेपी 18 सितंबर से शुरू करेगी ‘नशा मुक्त पंजाब' यात्रा, 30 सितंबर तक चलेगी     |   11-13 सितंबर तक आम जनता के लिए राष्ट्रपति भवन, म्यूजियम, अमृत उद्यान बंद रहेगा     |   लाल सिंह आर्या BJP के किसान मोर्चा के प्रभारी बने, सतीश पूनिया के जिम्मे ST मोर्चा     |   BJP ने पुरंदेश्वरी को महिला मोर्चा और वैजयंत पांडा को OBC मोर्चा का प्रभार सौंपा     |   UP सरकार की योजनाओं में बढ़ा AI का इस्तेमाल, पेंशन-छात्रवृत्ति पर भी निगरानी     |  

प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस नेताओं को मुख्यमंत्री मान के आवास की ओर मार्च करने से रोका गया

चंडीगढ़, आठ सितंबर (भाषा) पंजाब में ‘‘बिगड़ती’’ कानून-व्यवस्था की स्थिति के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे प्रदेश कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं को चंडीगढ़ पुलिस ने उस समय रोक दिया, जब वे मुख्यमंत्री भगवंत मान के आधिकारिक आवास का घेराव करने के लिए उसकी ओर बढ़ने की कोशिश कर रहे थे।

भारी संख्या में तैनात पुलिस बल ने प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए बार-बार पानी की बौछार की।

पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग के नेतृत्व में प्रदेश इकाई के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अपने कार्यालय के बाहर मुख्यमंत्री मान का पुतला फूंका और मादक पदार्थों के बढ़ते खतरे तथा बिगड़ती कानून-व्यवस्था समेत कई मुद्दों को लेकर मान सरकार की आलोचना की।

प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए वडिंग ने आरोप लगाया कि आप सरकार के शासन में कानून-व्यवस्था की स्थिति ‘‘पूरी तरह चरमरा गई है।’’

उन्होंने कहा कि आप सरकार की तथाकथित ‘सिख्या क्रांति’ ‘‘पूरी तरह विफल’’ साबित हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य पर भारी कर्ज है और राज्य सरकार द्वारा ‘‘भारी उधारी’’ किए जाने की आलोचना की।

प्रदर्शन में कांग्रेस सांसद गुरजीत सिंह औजला, पूर्व मंत्री बलबीर सिंह सिद्धू तथा पूर्व विधायक राणा के पी सिंह और राज कुमार वेरका समेत कई पार्टी नेता मौजूद थे।

प्रदर्शनकारियों को मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने के लिए उसकी ओर बढ़ने से रोकने के लिए चंडीगढ़ पुलिस ने भारी संख्या में बल तैनात किया था।

कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर बैरिकेड तोड़ने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए कई बार पानी की बौछार की।

भाषा अमित मनीषा

अमित