Breaking News

बीजेपी 18 सितंबर से शुरू करेगी ‘नशा मुक्त पंजाब' यात्रा, 30 सितंबर तक चलेगी     |   11-13 सितंबर तक आम जनता के लिए राष्ट्रपति भवन, म्यूजियम, अमृत उद्यान बंद रहेगा     |   लाल सिंह आर्या BJP के किसान मोर्चा के प्रभारी बने, सतीश पूनिया के जिम्मे ST मोर्चा     |   BJP ने पुरंदेश्वरी को महिला मोर्चा और वैजयंत पांडा को OBC मोर्चा का प्रभार सौंपा     |   UP सरकार की योजनाओं में बढ़ा AI का इस्तेमाल, पेंशन-छात्रवृत्ति पर भी निगरानी     |  

मथुरा में निजी विश्वविद्यालय के छात्र ने फंदा लगाकर खुदकुशी की

मथुरा (उप्र), आठ सितंबर (भाषा) मथुरा के छाता क्षेत्र स्थित एक निजी विश्वविद्यालय में बीएससी की पढ़ाई कर रहे 21 वर्षीय छात्र ने पीजी (पेइंग गेस्ट) आवास के अपने कमरे में फंदा लगाकर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, छात्र की पहचान फिरोजाबाद जिले के सिरसागंज थाना क्षेत्र के बहादुरपुर सराय मुरलीधर गांव निवासी सरनाम सिंह के रूप में हुई है।

उसने बताया कि वह बीएससी द्वितीय वर्ष का छात्र था और छाता कस्बे में गोवर्धन चौराहे के पास एक ‘पीजी’ में किराए के कमरे में रह रहा था।

पेइंग गेस्ट वह व्यक्ति होता है जो किसी मकान या आवास में किराया देकर रहता है, जहां अक्सर भोजन और अन्य बुनियादी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाती हैं।

थाना प्रभारी उमेश चंद्र त्रिपाठी ने बताया कि शव की स्थिति को देखकर प्रतीत होता है कि आत्महत्या रविवार को की गई।

उन्होंने बताया कि सोमवार को दिनभर कमरा नहीं खुलने पर रात करीब 10 बजे मकान मालिक ने किसी अनहोनी की आशंका में पुलिस को सूचना दी।

त्रिपाठी ने बताया कि पुलिस टीम कमरे का दरवाजा तोड़कर अंदर दाखिल हुई और छात्र का शव फंदे पर लटका देखा।

उन्होंने बताया कि कमरे से किसी तरह का कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।

थाना प्रभारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह आत्महत्या का मामला प्रतीत होता है, लेकिन पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।

पुलिस ने बताया कि घटनास्थल से मिले सभी फॉरेंसिक साक्ष्य एकत्र कर लिए गए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है।

पुलिस के अनुसार, जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

भाषा सं जफर

मनीषा खारी

खारी