Breaking News

बीजेपी 18 सितंबर से शुरू करेगी ‘नशा मुक्त पंजाब' यात्रा, 30 सितंबर तक चलेगी     |   11-13 सितंबर तक आम जनता के लिए राष्ट्रपति भवन, म्यूजियम, अमृत उद्यान बंद रहेगा     |   लाल सिंह आर्या BJP के किसान मोर्चा के प्रभारी बने, सतीश पूनिया के जिम्मे ST मोर्चा     |   BJP ने पुरंदेश्वरी को महिला मोर्चा और वैजयंत पांडा को OBC मोर्चा का प्रभार सौंपा     |   UP सरकार की योजनाओं में बढ़ा AI का इस्तेमाल, पेंशन-छात्रवृत्ति पर भी निगरानी     |  

छत्तीसगढ़ : रील देखने के दौरान नेटवर्क बंद होने से नाराज महिला ने की आत्महत्या

कोरबा, आठ सितंबर (भाषा) छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में सोशल मीडिया में रील देखने के दौरान नेटवर्क बंद होने से नाराज 52 वर्षीय महिला ने जहर खाकर कथित तौर पर जान दे दी। पुलिस अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि जिले के करतला थाना क्षेत्र के अंतर्गत केराकछार गांव में यह घटना हुई।

उन्होंने बताया कि पांच सितंबर की दोपहर मंगलो बाई सारथी अपने घर में मोबाइल फोन पर सोशल मीडिया में रील देख रही थी। इस दौरान मोबाइल का नेटवर्क बार-बार बंद होने लगा और महिला को रील देखने में परेशानी होने लगी तब उसने गुस्से में मोबाइल को जमीन पर पटक दिया।

अधिकारियों ने बताया कि मोबाइल के क्षतिग्रस्त होने के बाद भी मंगलो बाई का गुस्सा शांत नहीं हुआ और कुछ समय बाद उसने घर में रखा कीटनाशक पी लिया।

उन्होंने बताया कि जब महिला की तबीयत बिगड़ी और दर्द से तड़पने लगी, तब घर में मौजूद उसकी 17 वर्षीय बेटी ने परिवार के अन्य सदस्यों को घटना की जानकारी दी। परिजन महिला को करतला के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने मंगलो बाई को मेडिकल कॉलेज अस्पताल कोरबा भेज दिया। वहां इलाज के दौरान सोमवार को महिला की मौत हो गई।

अधिकारियों ने बताया कि मंगलो बाई के परिवार में पति प्रेमलाल सारथी और तीन बच्चे हैं। सबसे बड़ा बेटा 24 वर्ष का है और अपनी पत्नी के साथ कोरबा शहर में रहता है। करतला स्थित घर में मंगलो बाई के साथ पति प्रेमलाल, 22 वर्षीय पुत्र और 17 वर्षीय पुत्री रहती थी। घटना के दौरान बेटी ने ही मां को गंभीर हालत में देखा था।

उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

भाषा सं संजीव मनीषा

मनीषा