Breaking News

बीजेपी 18 सितंबर से शुरू करेगी ‘नशा मुक्त पंजाब' यात्रा, 30 सितंबर तक चलेगी     |   11-13 सितंबर तक आम जनता के लिए राष्ट्रपति भवन, म्यूजियम, अमृत उद्यान बंद रहेगा     |   लाल सिंह आर्या BJP के किसान मोर्चा के प्रभारी बने, सतीश पूनिया के जिम्मे ST मोर्चा     |   BJP ने पुरंदेश्वरी को महिला मोर्चा और वैजयंत पांडा को OBC मोर्चा का प्रभार सौंपा     |   UP सरकार की योजनाओं में बढ़ा AI का इस्तेमाल, पेंशन-छात्रवृत्ति पर भी निगरानी     |  

पोप लियो जेनाजानो के तीर्थस्थल लौटे, अपने भित्तिचित्र का किया अनावरण

(शीर्षक में सुधार के साथ रिपीट)

जेनाजानो (इटली), आठ सितंबर (एपी) पोप लियो 14वें ने सोमवार को उस तीर्थस्थल का दौरा किया, जहां उन्होंने मई 2025 में पोप चुने जाने के बाद पहली बार प्रार्थना की थी और इस दौरान उन्होंने अपने सम्मान में बनाए गए एक भित्तिचित्र का अनावरण किया, जिसमें उन्हें प्रार्थना करते हुए दिखाया गया है।

पोप ने रोम के दक्षिण में स्थित मध्यकालीन गांव जेनाजानो के ‘सैंक्चुअरी ऑफ आवर मदर ऑफ गुड काउंसल’ में अपने ऑगस्टिनियन धार्मिक समुदाय के साथी सदस्यों के साथ प्रार्थना सभा आयोजित करने से पहले इस भित्तिचित्र का अनावरण किया।

वह उन कुछ पूर्व पोप में शामिल हो गए हैं, जिनके इस तीर्थस्थल के दौरों की स्मृति में यहां चित्र लगाए गए हैं। इसकी शुरुआत 1630 में पोप अर्बन अष्टम के चित्र से हुई थी।

यह स्थान उनके ऑगस्टिनियन धार्मिक समुदाय के लिए विशेष महत्व रखता है।

लियो ने 10 मई, 2025 को इस तीर्थस्थल का दौरा किया था। पोप चुने जाने के महज दो दिन बाद यह उनकी पहली सार्वजनिक यात्रा थी। पोप ने सोमवार को बेसिलिका में अपने प्रवचन के दौरान 2025 की उस यात्रा का उल्लेख किया। इस दिन बेसिलिका में वर्जिन मैरी के जन्मोत्सव को मनाया जाता है। लियो ने उस समय तीर्थस्थल की आगंतुक पुस्तिका में लिखी अपनी बातों को याद किया।

गर्मियां लगभग अब समाप्त होने के साथ ही पोप लियो 14वें और वेटिकन ने अपनी गतिविधियां बढ़ा दी हैं। शरद ऋतु के दौरान होने वाले नियमित सम्मेलनों और पोप की विभिन्न बैठकों की तैयारियां शुरू हो गई हैं। पोप महीने के अंत में फ्रांस की यात्रा और नवंबर में उरुग्वे, अर्जेंटीना तथा पेरू की बहुप्रतीक्षित यात्रा की तैयारियों में जुटे हैं।

एपी गोला सिम्मी

सिम्मी

सिम्मी