Breaking News

बीजेपी 18 सितंबर से शुरू करेगी ‘नशा मुक्त पंजाब' यात्रा, 30 सितंबर तक चलेगी     |   11-13 सितंबर तक आम जनता के लिए राष्ट्रपति भवन, म्यूजियम, अमृत उद्यान बंद रहेगा     |   लाल सिंह आर्या BJP के किसान मोर्चा के प्रभारी बने, सतीश पूनिया के जिम्मे ST मोर्चा     |   BJP ने पुरंदेश्वरी को महिला मोर्चा और वैजयंत पांडा को OBC मोर्चा का प्रभार सौंपा     |   UP सरकार की योजनाओं में बढ़ा AI का इस्तेमाल, पेंशन-छात्रवृत्ति पर भी निगरानी     |  

बदायूं में थाने से आरोपी फरार, एक दरोगा समेत तीन पुलिसकर्मी निलंबित

बदायूं (उप्र), सात सितंबर (भाषा) बदायूं जिले में सिविल लाइंस थाने से पुलिस को चकमा देकर एक वांछित आरोपी फरार हो गया। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के मुताबिक मामले को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अंकिता शर्मा ने एक उप निरीक्षक (दरोगा) समेत तीन पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया और उनके खिलाफ विभागीय जांच के आदेश भी दिए हैं।

एसएसपी अंकिता शर्मा ने बताया कि पुलिस द्वारा सोमवार को हत्या के प्रयास के एक मामले में वांछित अभियुक्त सुरजन सिंह यादव (38), निवासी ग्राम फिरोजपुर इकलहरी को गिरफ्तार कर सिविल लाइंस थाने लाया गया था। थाने में पूछताछ के दौरान सुरजन मौका पाकर पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गया। पुलिसकर्मियों को जब इसकी भनक लगी तो आनन-फानन में उसकी तलाश शुरू की गई, लेकिन वह हाथ नहीं आया।

एसएसपी ने इस लापरवाही को बेहद गंभीर मानते हुए ड्यूटी में लापरवाही बरतने के आरोप में उपनिरीक्षक सचिन यादव, आरक्षी सत्येन्द्र कुमार और आरक्षी सनी वर्मा को निलंबित कर दिया। साथ ही तीनों के खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।

पुलिस अभिरक्षा से फरार होने पर थाना सिविल लाइंस में आरोपी के खिलाफ अलग से एक मामला दर्ज किया गया है।

एसएसपी ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए एसओजी समेत चार टीम गठित की गई है, जो उसके संभावित ठिकानों और रिश्तेदारों के यहां लगातार छापेमारी कर रही हैं। उन्होंने कहा कि आरोपी सुरजन सिंह यादव को बहुत जल्द पकड़ लिया जाएगा और इस बात की भी जांच की जा रही है कि वह किन परिस्थितियों में थाने से फरार हुआ।

भाषा सं आनन्द सुरभि

सुरभि