नयी दिल्ली, सात सितंबर (भाषा) स्वापक नियंत्रण ब्यूरो (एनसीबी) ने सोमवार को बताया कि उसने बेंगलुरु में ‘गैर-कानूनी’ रूप से रह रहे पांच विदेशियों को पकड़ा है और निर्वासित करने की प्रक्रिया शुरू की गई है।
भारत में गैर-कानूनी रूप से तय समय से ज्यादा रहने वाले और मादक पदार्थ से जुड़े अपराधों में संलिप्त होने की आशंका वाले विदेशी नागरिकों की पहचान करने के लिए, एनसीबी ने स्थानीय अधिकारियों के साथ मिलकर ‘त्रिनेत्र’ नाम का एक देशव्यापी अभियान चलाया था। इसी अभियान के तहत इन विदेशी नागरिकों की पहचान की गई।
एनसीबी ने एक बयान में कहा कि अलग-अलग देशों के नागरिक कर्नाटक की राजधानी के कृष्णराजपुरा और कम्मनाहल्ली इलाकों में रह रहे थे।
उसने बताया कि शुरुआत में संदिग्धों पर गोपनीय तरीके से नजर रखी गई, जिससे पता चला कि वे किसी भी वैध कारोबार, नौकरी या पढ़ाई-लिखाई से नहीं जुड़े थे और उनके मादक पदार्थ से जुड़ी गतिविधियों में संलिप्त होने का शक था।
भाषा धीरज प्रशांत
प्रशांत