Breaking News

बीजेपी 18 सितंबर से शुरू करेगी ‘नशा मुक्त पंजाब' यात्रा, 30 सितंबर तक चलेगी     |   11-13 सितंबर तक आम जनता के लिए राष्ट्रपति भवन, म्यूजियम, अमृत उद्यान बंद रहेगा     |   लाल सिंह आर्या BJP के किसान मोर्चा के प्रभारी बने, सतीश पूनिया के जिम्मे ST मोर्चा     |   BJP ने पुरंदेश्वरी को महिला मोर्चा और वैजयंत पांडा को OBC मोर्चा का प्रभार सौंपा     |   UP सरकार की योजनाओं में बढ़ा AI का इस्तेमाल, पेंशन-छात्रवृत्ति पर भी निगरानी     |  

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष राठौड़ ने राजस्थान निकाय चुनाव में बड़े बहुमत के साथ जीत का दावा किया

जयपुर, सात सितंबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की राजस्थान इकाई के अध्यक्ष मदन राठौड़ ने सोमवार को दावा किया कि राज्य में हो रहे नगरीय निकाय चुनाव में भाजपा बड़े बहुमत के साथ जीत की ओर बढ़ रही है।

राठौड़ ने कहा कि राज्य की जनता विकास के लिए ‘ट्रिपल इंजन’ की सरकार बनाने का मन बना चुकी है।

राठौड़ ने यहां कहा कि इस चुनावी मैदान में भाजपा इस समय ‘टॉप’ पर है और पार्टी के कार्यकर्ता पूरी मजबूती के साथ चुनाव अभियान में जुटे हुए हैं।

उन्होंने कहा कि भाजपा के पास योग्य और समर्पित कार्यकर्ताओं की बड़ी संख्या है। हमारे यहां अधिक योग्य कार्यकर्ता होना ही हमारी पूंजी है।

उन्होंने कहा कि जनता कड़ी से कड़ी जोड़ना चाहती है क्योंकि उसे विकास चाहिए और यह विकास तभी संभव है जब ऊपर से सहयोग मिले। केंद्र से राजस्थान को और राजस्थान सरकार से स्थानीय निकायों को पूरा सहयोग मिलेगा। भाजपा विकास के मामले में किसी के साथ भेदभाव नहीं करती।

उन्होंने कहा कि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सरकार और प्रदेश में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की सरकार के साथ स्थानीय निकायों में भी भाजपा की सरकार होगी तो विकास कार्यों को गति मिलेगी और संसाधनों की कोई कमी नहीं रहेगी।

राठौड़ ने सोमवार को भाजपा कार्यालय में जयपुर शहर के विधायकों के साथ बैठक कर पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में प्रस्तावित ‘रोड शो’ की तैयारियों की समीक्षा की। इसके बाद उन्होंने जयपुर शहर के विभिन्न वार्डों में भाजपा प्रत्याशियों के साथ उनके समर्थन में जनसंपर्क किया।

भाषा पृथ्वी सुरभि

सुरभि