जयपुर, सात सितंबर (भाषा) राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने नगर निकाय चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवारों के समर्थन में सोमवार को भरतपुर में ‘रोड शो’ किया। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी ने तुष्टिकरण, भ्रष्टाचार, लूट और झूठ की राजनीति को बढ़ावा दिया।
रोडशो के दौरान मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए बड़ी संख्या में आमजन उमड़े और जगह-जगह पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया गया।
शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में साल 2014 के बाद गरीब कल्याण और विकास की योजनाओं, सीमाओं की सुरक्षा, आतंकवाद एवं नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई की गई जिससे विश्व पटल पर भारत का गौरव बढ़ा। उन्होंने कहा कि विकसित राजस्थान के लिए केंद्र और राज्य में ‘डबल इंजन’ की सरकार के बाद अब निकाय और पंचायतों के जरिये ‘ट्रिपल इंजन’ की सरकार आवश्यक है।
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए शर्मा ने कहा कि कांग्रेस ने तुष्टिकरण, भ्रष्टाचार, लूट और झूठ की राजनीति को बढ़ावा दिया।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के शासन में वर्षों तक जनता की मूलभूत आवश्यकताओं और विकास की मांगों को केवल चुनावी मुद्दा बनाकर वोट मांगे गए और आचार संहिता के नाम पर विकास कार्यों को ठप रखा गया।
शर्मा के अनुसार कांग्रेस के नेताओं ने ‘एक राज्य, एक चुनाव’ को असंभव कार्य बताया था लेकिन भाजपा सरकार ने इस संकल्प को धरातल पर उतारने का काम किया है।
उन्होंने अपनी सरकार के कार्यकाल की उपलब्धियां व जनहित के कई फैसलों का भी जिक्र किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि चुनाव के समय कुछ लोग जनता को बरगलाने और प्रलोभन देने का प्रयास करेंगे। उन्होंने जनता से अपील की कि वे किसी भी लालच या प्रलोभन में नहीं आकर अपने क्षेत्र के विकास को प्राथमिकता दें।
उन्होंने कहा, ‘‘जनता को ऐसे लोगों को जवाब देना चाहिए जिन्होंने भ्रष्टाचार और लूट की राजनीति को बढ़ावा दिया।’’
एक बयान के अनुसार रोड शो के बाद मुख्यमंत्री ने भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की बैठक ली। इस दौरान उन्होंने चुनावी रणनीति पर चर्चा करते हुए सभी से एकजुट होकर भाजपा प्रत्याशियों को जिताने एवं सभी निकायों में भाजपा का बोर्ड बनाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म, विधायक बहादुर सिंह कोली व डॉ. शैलेष सिंह सहित पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में आमजन मौजूद थे।
भाषा पृथ्वी सुरभि
सुरभि