नयी दिल्ली, सात सितंबर (भाषा) दक्षिण दिल्ली के सत्य निकेतन में पीजी इमारत ढहने की घटना में जान गंवाने वाले 19 वर्षीय अर्पित के परिवार ने उसकी कॉर्निया दान करने का फैसला किया है। परिवार के सदस्यों ने कहा कि इस त्रासदी के बीच अर्पित किसी और की आंखों की रोशनी का जरिया बनेगा।
कम उम्र में बेटे को खोने के गम से जूझ रहे अर्पित के परिवार ने यह निस्वार्थ फैसला लिया, ताकि उसकी मौत के बाद भी उसके शरीर का एक हिस्सा किसी अन्य व्यक्ति को दुनिया देखने में मदद कर सके।
दिल्ली विश्वविद्यालय के आत्मा राम सनातन धर्म कॉलेज में द्वितीय वर्ष का छात्र अर्पित उन सात लोगों में शामिल था, जिनकी रविवार को दक्षिण दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में लड़कों के पेइंग गेस्ट वाली इमारत ढहने से मौत हो गई।
अर्पित रक्षाबंधन पर परिवार के साथ समय बिताने के बाद रविवार सुबह मध्य प्रदेश स्थित अपने गृहनगर से दिल्ली लौटा था। उसकी मां ने पहले उसे दिल्ली वापस नहीं लौटने के लिए कहा था। बेटे का शव देखने के बाद वह बेहोश हो गई और बाद में उन्हें एम्स में भर्ती कराया गया।
परिवार ने इस अपूरणीय क्षति के बीच उसकी कॉर्निया दान करने का फैसला किया, ताकि उसकी मौत किसी और के जीवन में रोशनी और उम्मीद ला सके।
भाषा राखी प्रशांत
प्रशांत