Breaking News

बीजेपी 18 सितंबर से शुरू करेगी ‘नशा मुक्त पंजाब' यात्रा, 30 सितंबर तक चलेगी     |   11-13 सितंबर तक आम जनता के लिए राष्ट्रपति भवन, म्यूजियम, अमृत उद्यान बंद रहेगा     |   लाल सिंह आर्या BJP के किसान मोर्चा के प्रभारी बने, सतीश पूनिया के जिम्मे ST मोर्चा     |   BJP ने पुरंदेश्वरी को महिला मोर्चा और वैजयंत पांडा को OBC मोर्चा का प्रभार सौंपा     |   UP सरकार की योजनाओं में बढ़ा AI का इस्तेमाल, पेंशन-छात्रवृत्ति पर भी निगरानी     |  

इमारत हादसा: रक्षाबंधन मनाकर दिल्ली लौटा था देवास का छात्र, अगले दिन परिवार को मिली बुरी खबर

देवास (मध्यप्रदेश), सात सितंबर (भाषा) रक्षाबंधन पर परिवार के साथ खुशियां मनाकर दिल्ली लौटे देवास के अर्पित जाज (21) के घर में अगले ही दिन मातम पसर गया।

दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के सत्य निकेतन में इमारत ढहने की घटना में जान गंवाने वाले लोगों में जाज शामिल था। बी.कॉम द्वितीय वर्ष का छात्र हादसे के दिन रविवार को ही दिल्ली पहुंचा था, लेकिन कुछ ही घंटों बाद परिवार से उसका संपर्क टूट गया और सोमवार को उसकी मौत की पुष्टि हुई।

जिलाधिकारी ऋतुराज सिंह ने संवाददाताओं को बताया, ‘‘दिल्ली के इमारत हादसे में जाज की मौत की जानकारी मिलने के बाद हमने दिल्ली प्रशासन से समन्वय किया। पोस्टमार्टम के बाद शव को एम्बुलेंस के माध्यम से दिल्ली सरकार के सहयोग से देवास भेजा गया है।’’

परिजनों के अनुसार जाज ने देवास के एक विद्यालय से 12वीं तक पढ़ाई की थी और वह दिल्ली के एक महाविद्यालय में बी.कॉम द्वितीय वर्ष में पढ़ रहा था।

जाज के परिवार से निकट संबंध रखने वाले विजय शर्मा ने बताया, ‘‘जाज रक्षाबंधन के मौके पर अपने देवास स्थित घर आया था। हम जन्माष्टमी पर देर रात तक साथ थे। मेरे दोनों बच्चों और जाज व उसकी बहन ने मिलकर कई रील बनाई थीं।’’

उन्होंने बताया कि जाज का दिल्ली वापसी का रेल टिकट आरक्षित था और वह शनिवार को देवास से रवाना होकर रविवार सुबह दिल्ली पहुंच गया था।

शर्मा ने बताया, ‘‘दिल्ली पहुंचने के बाद जाज के माता-पिता की उससे फोन पर बात हुई थी। छात्र ने उन्हें बताया था कि उसने भोजन कर लिया है और यात्रा की थकान मिटाने के लिए वह कुछ देर आराम करेगा। इसके करीब डेढ़ घंटे बाद ही हादसा हो गया और उससे फोन पर दोबारा संपर्क नहीं हो सका।’’

उन्होंने बताया कि हादसे की जानकारी मिलने पर जाज के माता-पिता दिल्ली पहुंचे और अलग-अलग स्थानों पर उसकी तलाश शुरू की।

शर्मा ने बताया कि सोमवार को जाज का शव मिलने की पुष्टि हुई जिसके बाद से होनहार छात्र के परिवार में मातम का माहौल है।

भाषा हर्ष सुरभि

सुरभि