नयी दिल्ली, सात सितंबर (भाषा) दिल्ली के द्वारका इलाके में 24 वर्षीय व्यक्ति ने प्रतिशोध लेने के लिए अपने पड़ोसी की कथित तौर पर गला घोंटकर हत्या कर दी।
पुलिस ने सोमवार को बताया कि पीड़ित ने आरोपी और उसकी प्रेमिका को किराए के कमरे में बंद कर दिया था और लोगों से उनकी पिटाई करवाई थी।
पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान भूपेंद्र पाल उर्फ नन्हें के रूप में हुई है, जिसे उत्तर प्रदेश के कासगंज से गिरफ्तार किया गया।
अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, स्थानीय स्तर पर पूछताछ और मृतक के बैंक लेनदेन की जांच के माध्यम से हत्या की गुत्थी सुलझाई।
मूल रूप से बिहार के पूर्णिया के निवासी पवन कुमार यादव (45) का अत्यधिक सड़ा-गला शव 31 अगस्त को द्वारका के सेक्टर 8 में शुक्र बाजार रोड के पास एक नाले से बरामद किया गया था।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि शव को प्लास्टिक की बोरी में बंद कर रस्सी से बांधा गया था।
उन्होंने बताया कि यादव पिछले 10 वर्षों से बागडोला गांव में रह रहा था और सेक्टर 8 स्थित बीएसईएस कार्यालय में सहायक के रूप में काम करता था और वह शाम को एक मोमो की दुकान पर भी काम करता था तथा एक इमारत की देखरेख करता था, जिसमें कई किरायेदार रहते थे।
अधिकारी ने कहा कि टीम ने सीसीटीवी फुटेज में 26 और 27 अगस्त की दरमियानी रात को इलाके से प्लास्टिक के बोरे ले जा रहे एक लोडिंग टेम्पो को निकलते देखा और वाहन उस स्थान की ओर गया जहां से बाद में शव बरामद हुआ था और उसे लगभग 25 मिनट बाद इलाके में लौटते हुए देखा गया था।
उन्होंने बताया कि टेम्पो मालिक भूपेंद्र पाल की पहचान एक संदिग्ध के रूप में की गई। पुलिस टीम ने पांच सितंबर को कासगंज में उसके ठिकाने पर छापेमारी की और उसे पकड़ लिया।
अधिकारी ने कहा कि पूछताछ के दौरान, पाल ने खुलासा किया कि हत्या से कुछ दिन पहले, यादव ने उसे और उसकी प्रेमिका को उनके किराए के कमरे में बंद कर दिया था और लोगों को इकट्ठा कर लिया था, जिन्होंने दोनों के साथ मारपीट की थी। इस घटना से रंजिश रखते हुए पाल ने बदला लेने का फैसला किया।
पुलिस ने बताया कि 26 अगस्त की रात वह यादव के कमरे पर गया और पुराने विवाद को सुलझाने के बहाने उसे शराब पिलाई और यादव के अत्यधिक नशे में होने के बाद पाल ने कथित तौर पर उसका गला घोंट दिया।
इसके बाद उसने कथित तौर पर शव को प्लास्टिक की बोरी में पैक किया, उसे अपने लोडिंग टेम्पो में रखकर ले गया और 27 अगस्त की तड़के सेक्टर 8 के नाले में फेंक दिया।
भाषा नोमान नोमान सुरभि
सुरभि
सुरभि