Breaking News

बीजेपी 18 सितंबर से शुरू करेगी ‘नशा मुक्त पंजाब' यात्रा, 30 सितंबर तक चलेगी     |   11-13 सितंबर तक आम जनता के लिए राष्ट्रपति भवन, म्यूजियम, अमृत उद्यान बंद रहेगा     |   लाल सिंह आर्या BJP के किसान मोर्चा के प्रभारी बने, सतीश पूनिया के जिम्मे ST मोर्चा     |   BJP ने पुरंदेश्वरी को महिला मोर्चा और वैजयंत पांडा को OBC मोर्चा का प्रभार सौंपा     |   UP सरकार की योजनाओं में बढ़ा AI का इस्तेमाल, पेंशन-छात्रवृत्ति पर भी निगरानी     |  

पीजी संचालक की 'अच्छी साख' थी, गुरुग्राम में उसकी कई और संपत्तियां भीं : स्थानीय लोगों का दावा

गुरुग्राम, सात सितंबर (भाषा) दिल्ली के सत्य निकेतन में रविवार को गिरी इमारत की कथित अनदेखी के आरोप में जेल में बंद हरिराम गुप्ता के परिवार की गुरुग्राम के उसके आस-पड़ोस में अच्छी प्रतिष्ठा है। उसके पड़ोसियों ने यह दावा किया।

भारतीय वायुसेना के पूर्व सार्जेंट 81 साल के हरिराम को सोमवार को राजस्थान के भिवाड़ी में तब पकड़ा गया, जब वह फरार थे। उसकी पत्नी 75 वर्षीय उर्मिला और बेटे 52 वर्षीय महेश को भी गिरफ्तार किया गया।

पड़ोसियों के मुताबिक, दिल्ली में हुई उस घटना के ठीक बाद, जिसमें सात लोगों की मौत हो गई थी, गुप्ता के घर पर ताला लगा हुआ था।

दरवाजे की घंटी बजाने पर कोई बाहर नहीं आया। घर के अंदर अब भी एक टोयोटा फॉर्च्यूनर गाड़ी खड़ी है।

उसके अधिकतर पड़ोसियों ने हालांकि ज्यादा कुछ बताने से इनकार कर दिया, लेकिन उसी सेक्टर 23 इलाके में रहने वाले गौरव ने परिवार के अच्छे व्यवहार की बात तो मानी, पर इससे ज्यादा कुछ नहीं कहा।

बेटे महेश की दुकान ‘हरि पेंट्स’ भी बंद थी।

दुकान के बाहर खड़े पेंटर विनोद कुमार ने बताया कि वह लंबे समय से वहां से पेंटिंग का सामान खरीदते आ रहे हैं।

उन्हें दुकान के बंद होने में कोई गड़बड़ नहीं लगी, लेकिन फिर उन्हें दिल्ली में इमारत के ढहने के बारे में बताया गया।

एक और पड़ोसी, एस.के. शर्मा ने बताया कि हरिराम कई सालों से सेक्टर-23 में रह रहे हैं और इलाके में उनके परिवार की अच्छी साख है। उन्होंने दावा किया कि गुरुग्राम में गुप्ता की चार-पांच संपत्तियां हैं, लेकिन यह भी माना कि उन्हें दिल्ली के सत्य निकेतन में मौजूद इमारत के बारे में कोई जानकारी नहीं है।

पड़ोसी ने बताया कि हरिराम का एक और बेटा है जो पायलट है।

रविवार को दिल्ली विश्वविद्यालय के साउथ कैंपस के पास लड़कों के लिए पेइंग गेस्ट के तौर पर इस्तेमाल हो रही एक इमारत के ढहने से सात लोगों की मौत हो गई और पांच लोग घायल हो गए।

इस बीच, दिल्ली पुलिस ने कहा कि वह पेइंग गेस्ट के संचालन और भूमिगत तल में हो रहे मरम्मत के काम में परिवार की भूमिका की जांच कर रही है। माना जा रहा है कि भूमिगत तल में मरम्मत के काम के कारण इमारत गिरी।

पुलिस के मुताबिक, कागजात से पता चला कि संपत्ति की मालकिन उर्मिला हैं, जबकि हरिराम और महेश पीजी का कामकाज संभालते थे। पुलिस ने बताया कि इमारत की दो मंजिलों के बिजली कनेक्शन हरिराम के नाम पर हैं, वहीं महेश हार्डवेयर और पेंट की दुकान का संचालन करते है।

तीनों आरोपियों के खिलाफ साउथ कैंपस पुलिस थाने में गैर-इरादतन हत्या, ढांचे के रखरखाव में लापरवाही और दूसरों की सुरक्षा को खतरे में डालने जैसे आरोपों के तहत मामला दर्ज किया गया।

भाषा प्रशांत माधव

माधव