Breaking News

बीजेपी 18 सितंबर से शुरू करेगी ‘नशा मुक्त पंजाब' यात्रा, 30 सितंबर तक चलेगी     |   11-13 सितंबर तक आम जनता के लिए राष्ट्रपति भवन, म्यूजियम, अमृत उद्यान बंद रहेगा     |   लाल सिंह आर्या BJP के किसान मोर्चा के प्रभारी बने, सतीश पूनिया के जिम्मे ST मोर्चा     |   BJP ने पुरंदेश्वरी को महिला मोर्चा और वैजयंत पांडा को OBC मोर्चा का प्रभार सौंपा     |   UP सरकार की योजनाओं में बढ़ा AI का इस्तेमाल, पेंशन-छात्रवृत्ति पर भी निगरानी     |  

घर के बाहर हंगामे का विरोध करने पर मणिपुरी संगीतकार पर हमला, मौत

नयी दिल्ली, सात सितंबर (भाषा) दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के किलोकरी गांव में सामान पहुंचाने का काम करने वाले और ढाबा कर्मियों के एक समूह ने 54-वर्षीय मणिपुरी संगीतकार पर कथित रूप से हमला कर दिया, जिससे उनकी सोमवार को मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने मामले में सात लोगों को गिरफ्तार किया और एक किशोर को पकड़ा।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि सनलाइट कॉलोनी थाना अंतर्गत किलोकरी गांव के निवासी एवं मणिपुर से ताल्लुक रखने वाले सी. विक्रम सिंह की पिटाई के संबंध में पुलिस नियंत्रण कक्ष (पीसीआर) को सूचना दी गई।

प्रारंभिक जांच से पता चला है कि मेइती समुदाय से संबद्ध सिंह ने सामान पहुंचाने वाले कर्मियों और ढाबा कर्मचारियों द्वारा उनके आवास के बाहर कथित रूप से शोर मचाने पर आपत्ति जताई थी। वह इलाके में कई सालों से रह रहे थे।

पुलिस ने कहा कि जब वह नीचे आए और उन लोगों का विरोध किया, तो इन कर्मचारियों ने उनपर हमला कर दिया और उन्हें कथित रूप से मुक्के मारे, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं।

अधिकारी ने बताया कि सिंह को उनका बेटा याईफाबा इलाज के लिए होली फैमिली अस्पताल ले गया, जहां उनकी (सिंह की) मौत हो गई।

उन्होंने हमले और सिंह की मौत की परिस्थितियों की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस ने कहा कि एक नाबालिग सहित कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है।

‘नॉर्थ ईस्ट स्टूडेंट्स सोसाइटी, दिल्ली यूनिवर्सिटी’ (एनईएसएसडीयू) ने सोमवार को जारी एक बयान में सिंह की मौत की निंदा की और उन्हें ‘‘सम्मानित मणिपुरी संगीतकार’’ बताया।

छात्रों के संगठन ने कहा, ‘‘रिपोर्ट के मुताबिक, छह लोगों का एक समूह जब उनके घर के बाहर शराब पी रहा था और हंगामा कर रहा था तो वह अपने घर के बाहर आए और उनसे शोर कम करने का अनुरोध किया, इसके बाद समूह ने उन पर कथित तौर पर हमला करके उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया, जिससे बाद में उनकी मौत हो गई।’’

एनईएसएसडीयू ने इसकी निंदा करते हुए इसे ‘‘हिंसा का संवेदनहीन कृत्य’’ बताया और अधिकारियों से ‘‘तेज, निष्पक्ष और गहन जांच’’ सुनिश्चित करने और जिम्मेदार लोगों को जवाबदेह ठहराने का आग्रह किया।

पुलिस ने कहा कि उन्होंने भरत कुमार (19), प्रमोद (26), रमजान खान (22), दीपांशु (21), मोहन विश्वकर्मा (32), विजय (36) व मन्नू (26) को गिरफ्तार किया है और एक किशोर को हिरासत में लिया है।

पुलिस ने बताया कि सभी आरोपी अलग-अलग ढाबों पर काम करते हैं। पुलिस ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है।

भाषा नोमान नोमान नरेश

नरेश