चेन्नई, सात सितंबर (भाषा) कुआलालंपुर से जेद्दा जा रही मलेशिया एयरलाइंस की एक उड़ान को इंजन संबंधी एक तकनीकी गड़बड़ी के बाद सोमवार को चेन्नई की ओर मोड़ दिया गया और हवाई अड्डे पर पूर्ण आपात स्थिति घोषित की गई। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि मलेशिया एयरलाइंस की उड़ान एमएच 156 में 186 लोग सवार थे और विमान सुरक्षित रूप से चेन्नई हवाई अड्डे पर उतर गया। उन्होंने बताया कि विमान के उतरने से पहले हवाई अड्डे पर जरूरी इंतजाम किए गए थे।
अधिकारी ने बताया कि ‘‘इंजन नंबर दो से संबंधित’’ एक तकनीकी दिक्कत सामने आई थी। उन्होंने कहा, ‘‘एयरलाइन तथा संबंधित तकनीकी दलों द्वारा विमान और तकनीकी गड़बड़ी का आकलन किया जा रहा है।’’ उन्होंने बताया कि हवाई अड्डे पर परिचालन सामान्य है।
अधिकारियों के अनुसार विमान को ‘टो’ वाहन की मदद से पार्किंग क्षेत्र में ले जाया गया। उन्होंने बताया कि यात्रियों के लिए पहले हवाई अड्डे पर ठहरने की अस्थायी व्यवस्था की गई थी और बाद में उन्हें पास के एक होटल में स्थानांतरित कर दिया गया।
सूत्रों ने बताया कि इंजीनियरों द्वारा तकनीकी गड़बड़ी ठीक किए जाने के बाद विमान के अपनी यात्रा फिर शुरू करने की उम्मीद है।
अलग से, तिरुचिरापल्ली से सिंगापुर जा रही एअर इंडिया एक्सप्रेस की एक उड़ान को तकनीकी गड़बड़ी के कारण चेन्नई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे की ओर मोड़ दिया गया।
इस गड़बड़ी को देखते हुए चेन्नई हवाई अड्डे पर ‘‘स्थानीय स्टैंडबाय’’ घोषित किया गया और आवश्यक आपात प्रतिक्रिया संबंधी इंतजाम तैयार रखे गए।
विमान सुरक्षित रूप से उतरा और अपने आप रनवे से हटा।
स्थानीय ‘स्टैंडबाय’ घोषित किए जाने के बाद हवाई अड्डे की परिचालन और आपातकालीन एजेंसियों को सतर्क रखा गया तथा विमान के सुरक्षित आगमन के लिए आवश्यक इंतजाम किए गए।
अधिकारी ने कहा कि एयरलाइन की इंजीनियरिंग और तकनीकी टीम बताई गई तकनीकी समस्या का आकलन कर रही हैं। अधिकारी ने कहा, ‘‘सभी परिचालन सामान्य हैं।’’
भाषा अमित नरेश
नरेश