Breaking News

बीजेपी 18 सितंबर से शुरू करेगी ‘नशा मुक्त पंजाब' यात्रा, 30 सितंबर तक चलेगी     |   11-13 सितंबर तक आम जनता के लिए राष्ट्रपति भवन, म्यूजियम, अमृत उद्यान बंद रहेगा     |   लाल सिंह आर्या BJP के किसान मोर्चा के प्रभारी बने, सतीश पूनिया के जिम्मे ST मोर्चा     |   BJP ने पुरंदेश्वरी को महिला मोर्चा और वैजयंत पांडा को OBC मोर्चा का प्रभार सौंपा     |   UP सरकार की योजनाओं में बढ़ा AI का इस्तेमाल, पेंशन-छात्रवृत्ति पर भी निगरानी     |  

दिल्ली से बाहर गुजरात के केवडिया में आयोजित होगा राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह

नयी दिल्ली, सात सितंबर (भाषा) राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह इस बार दिल्ली से बाहर गुजरात के केवडिया में आयोजित होगा जहां राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 22 सितंबर को पुरस्कार प्रदान करेंगी। यह जानकारी अधिकारियों ने दी।

केवडिया का नाम बदलकर एकता नगर कर दिया गया है जहां सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा स्थापित की गई है जो दुनिया की सबसे ऊंची प्रतिमा है। ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ के नाम से मशहूर यह प्रतिमा 597 फुट ऊंची है और इसका अनावरण प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 2018 में किया था।

जुलाई में घोषित पुरस्कारों का 72वां संस्करण परंपरा से अलग होगा, हालांकि ऐसे उदाहरण भी रहे हैं जब समारोह दिल्ली से बाहर आयोजित किया गया है। 17वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह का आयोजन 1971 में चेन्नई में किया गया था।

‘आर्टिकल 370’ को सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म चुना गया है, जबकि इसकी मुख्य अभिनेत्री यामी गौतम को सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री के पुरस्कार के लिए चुना गया है। मलयालम सुपरस्टार ममूटी और बॉलीवुड अभिनेता कार्तिक आर्यन को क्रमश: ‘ब्रह्मयुगम’ और ‘चंदू चैंपियन’ में उनकी भूमिकाओं के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार संयुक्त रूप से दिया जाएगा।

अभिनेता एवं फिल्मकार रणदीप हुड्डा को विनायक दामोदर सावरकर पर बनी फिल्म ‘स्वातंत्र्य वीर सावरकर’ के लिए सर्वश्रेष्ठ नवोदित निर्देशक के पुरस्कार के लिए चुना गया है।

तेलुगु फिल्म ‘कल्कि 2898 एडी’ को ‘‘संपूर्ण मनोरंजन वाली’’ सर्वश्रेष्ठ लोकप्रिय फिल्म का पुरस्कार मिलेगा। वहीं, अरुण माथेश्वरन द्वारा निर्देशित और धनुष अभिनीत तमिल फिल्म ‘कैप्टन मिलर’ को ‘‘राष्ट्रीय, सामाजिक और पर्यावरणीय मूल्यों’’ को बढ़ावा देने वाली सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म चुना गया है।

भाषा अमित नरेश

नरेश