Breaking News

बीजेपी 18 सितंबर से शुरू करेगी ‘नशा मुक्त पंजाब' यात्रा, 30 सितंबर तक चलेगी     |   11-13 सितंबर तक आम जनता के लिए राष्ट्रपति भवन, म्यूजियम, अमृत उद्यान बंद रहेगा     |   लाल सिंह आर्या BJP के किसान मोर्चा के प्रभारी बने, सतीश पूनिया के जिम्मे ST मोर्चा     |   BJP ने पुरंदेश्वरी को महिला मोर्चा और वैजयंत पांडा को OBC मोर्चा का प्रभार सौंपा     |   UP सरकार की योजनाओं में बढ़ा AI का इस्तेमाल, पेंशन-छात्रवृत्ति पर भी निगरानी     |  

ईडी ने तृणमूल सांसद से जुड़े उर्दू अखबार के खिलाफ जांच के सिलसिले में छापे मारे

कोलकाता, सात सितंबर (भाषा) प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने तृणमूल कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य नदीमुल हक से जुड़े एक उर्दू दैनिक अखबार के खिलाफ धन शोधन की जांच के संबंध में सोमवार को कई ठिकानों पर छापे मारे। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

हक (56) अखबार-ए-मशरिक प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के निदेशक हैं, जो ‘अखबार-ए-मशरिक’ नामक उर्दू दैनिक समाचार पत्र का प्रकाशन करती है। वह एक पत्रकार और व्यवसायी भी हैं।

अधिकारियों ने कहा कि यह जांच अखबार के जरिए सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाली सामग्री का प्रकाशन और प्रसार किए जाने के आरोपों से जुड़ी है। इसके अलावा, बेहिसाब नकद लेन-देन और संदिग्ध स्रोतों से मिलने वाले वित्त पोषण के आरोपों की भी जांच की जा रही है।

कोलकाता, दिल्ली और झारखंड के रांची में करीब सात परिसरों की तलाशी ली गयी है।

एजेंसी के अधिकारियों ने दावा किया कि समाचार संस्थान ने सरकारी विज्ञापन हासिल करने के लिए अपनी प्रसार संख्या को ‘‘बढ़ा-चढ़ाकर’’ बताया और उसे पूर्ववर्ती तृणमूल कांग्रेस नीत पश्चिम बंगाल सरकार से एक विज्ञापन एजेंसी के माध्यम से ‘ज्यादातर’ धनराशि मिली, जिसके संबंध दुबई स्थित एक इकाई से हैं।

ईडी की कार्रवाई पर प्रतिक्रिया देते हुए तृणमूल कांग्रेस नेता डेरेक ओ'ब्रायन ने आरोप लगाया कि यह कार्रवाई राष्ट्रीय राजधानी में हुई उस इमारत ढहने की घटना से ध्यान हटाने के लिए की गई, जिसमें छात्रों की मौत हुई थी।

उन्होंने कहा कि हक के दिल्ली स्थित आवास पर भी तलाशी ली गई, जिसका इस्तेमाल पार्टी कार्यालय के रूप में किया जाता है।

उन्होंने कहा कि हक संसद की सरकारी आश्वासन समिति की बैठक में शामिल होने के लिए रांची में थे।

हक ने एजेंसी की ओर से लगाए गए आरोपों पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी।

अधिकारियों ने बताया कि धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत दर्ज ईडी का मामला बिधाननगर पुलिस आयुक्तालय द्वारा दर्ज की गई एक प्राथमिकी से जुड़ा है।

उर्दू दैनिक अखबार ने अपनी वेबसाइट पर लिखा है, ‘‘अखबार-ए-मशरिक सिर्फ एक अखबार नहीं है। यह चार दशकों से चली आ रही ऐसी विरासत है, जो बेबाक पत्रकारिता, तकनीकी नवाचार और अपने पाठकों के प्रति निरंतर समर्पण का प्रतीक है।’’

इस समाचार पत्र की शुरुआत सांसद के पिता मोहम्मद वसीमुल हक ने वर्ष 1980 में की थी।

भाषा आशीष माधव

माधव