Breaking News

बीजेपी 18 सितंबर से शुरू करेगी ‘नशा मुक्त पंजाब' यात्रा, 30 सितंबर तक चलेगी     |   11-13 सितंबर तक आम जनता के लिए राष्ट्रपति भवन, म्यूजियम, अमृत उद्यान बंद रहेगा     |   लाल सिंह आर्या BJP के किसान मोर्चा के प्रभारी बने, सतीश पूनिया के जिम्मे ST मोर्चा     |   BJP ने पुरंदेश्वरी को महिला मोर्चा और वैजयंत पांडा को OBC मोर्चा का प्रभार सौंपा     |   UP सरकार की योजनाओं में बढ़ा AI का इस्तेमाल, पेंशन-छात्रवृत्ति पर भी निगरानी     |  

गुरुग्राम में नकदी चोरी के मामले में अस्पताल के एक कर्मचारी समेत दो लोग गिरफ्तार

गुरुग्राम, सात सितंबर (भाषा) गुरुग्राम पुलिस ने अस्पताल के कैश काउंटर से नकदी और अमेरिकी डॉलर चोरी करने के आरोप में अस्पताल की एक कार्यकारी समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से 20,000 रुपये और 2,500 अमेरिकी डॉलर बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, 24 अगस्त को सेक्टर 53 स्थित शाल्बी इंटरनेशनल अस्पताल के सुरक्षा प्रभारी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि सुबह 11 बजे से 11.30 बजे के बीच अस्पताल के बिलिंग काउंटर पर कार्यरत शिवांगी ने कैश काउंटर से 9,800 अमेरिकी डॉलर और 50,000 रुपये चोरी कर लिए।

पुलिस ने बताया कि अस्पताल की सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई, जिसमें शिवांगी कथित तौर पर काउंटर से नकदी लेते और किसी को बताए बिना परिसर से बाहर जाते हुए दिखाई दी।

इसके बाद सेक्टर 53 थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई।

पुलिस ने बताया कि जांच के दौरान अपराध शाखा, सेक्टर 43 की टीम ने दक्षिण दिल्ली के सुखदेव विहार की रहने वाली और वर्तमान में वजीराबाद, सेक्टर 52 में किराये पर रह रही शिवांगी तथा पलवल जिले के अलावलपुर गांव निवासी उमेश को गिरफ्तार किया।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, शिवांगी पिछले एक साल से अस्पताल में कार्यकारी के पद पर काम कर रही थी और उसने कथित तौर पर घर में आर्थिक तंगी के कारण उमेश के साथ मिलकर चोरी की।

प्रवक्ता ने बताया कि दोनों आरोपियों को सोमवार को शहर की अदालत में पेश किया गया। शिवांगी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया, जबकि उमेश को तीन दिन की पुलिस हिरासत में भेजा गया।

पुलिस ने बताया कि बची हुई नकदी और अमेरिकी डॉलर बरामद करने तथा अपराध के संबंध में अन्य जानकारी हासिल करने के लिए उमेश से विस्तृत पूछताछ की जा रही है।

भाषा

राखी रंजन

रंजन