Breaking News

बीजेपी 18 सितंबर से शुरू करेगी ‘नशा मुक्त पंजाब' यात्रा, 30 सितंबर तक चलेगी     |   11-13 सितंबर तक आम जनता के लिए राष्ट्रपति भवन, म्यूजियम, अमृत उद्यान बंद रहेगा     |   लाल सिंह आर्या BJP के किसान मोर्चा के प्रभारी बने, सतीश पूनिया के जिम्मे ST मोर्चा     |   BJP ने पुरंदेश्वरी को महिला मोर्चा और वैजयंत पांडा को OBC मोर्चा का प्रभार सौंपा     |   UP सरकार की योजनाओं में बढ़ा AI का इस्तेमाल, पेंशन-छात्रवृत्ति पर भी निगरानी     |  

सत्य निकेतन हादसा: मुख्यमंत्री के निर्देश पर एमसीडी उपायुक्त समेत पांच अधिकारी निलंबित

नयी दिल्ली, सात सितंबर (भाषा) दक्षिण पश्चिम दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में एक इमारत ढहने से सात लोगों की मौत के बाद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के निर्देश पर दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के उपायुक्त समेत पांच अधिकारियों को सोमवार को निलंबित कर दिया गया।

मुख्यमंत्री कार्यालय ने सोमवार को बताया कि गुप्ता के निर्देश पर एमसीडी के दक्षिण जोन के उपायुक्त (डीसी) राकेश कुमार के साथ-साथ अधिशासी अभियंता, अधीक्षण अभियंता सहायक अभियंता और कनिष्ठ अभियंता को निलंबित कर दिया गया है।

‘पीटीआई-भाषा’ द्वारा प्राप्त आदेश की प्रति के मुताबिक, निलंबित अधिकारियों में दक्षिण क्षेत्र के अधीक्षण अभियंता रणवीर सिंह, अधिशासी अभियंता (भवन) ललित कुमार गोयल, सहायक अभियंता (भवन) सुनील चौहान और कनिष्ठ अभियंता (भवन) आशीष कुमार शामिल हैं।

निगम के सतर्कता विभाग ने इन अधिकारियों के निलंबन आदेश जारी किए हैं।

इससे पहले, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता सोमवार को दूसरे दिन घटनास्थल पहुंचीं और बचाव कार्यों का जायजा लिया।

यह इमारत रविवार दोपहर करीब 1:30 बजे मरम्मत कार्य के दौरान ढह गई। इसमें छात्रों का 'पेइंग गेस्ट' (पीजी) आवास था।

इमारत के मलबे से अब तक 12 लोगों को निकाला जा चुका है, जिनमें से सात लोगों की मौत हो गई है।

अधिकारियों ने कहा कि निलंबित डीसी राकेश कुमार मूल रूप से बिहार सिविल सेवा के अधिकारी थे और उन्हें अक्टूबर 2025 में आईएएस में पदोन्नत किया गया और बिहार कैडर आवंटित किया गया।

वह पहले सिविल लाइंस जोन डीसी और नरेला जोन के डीसी के रूप में काम कर चुके हैं।

एमसीडी के एक अधिकारी ने कहा, ''उन्हें इस साल की शुरुआत में दक्षिण जोन का डीसी नियुक्त किया गया था।''

कुमार के कार्यकाल में, दक्षिण क्षेत्र में इमारत से संबंधित तीन बड़ी घटनाएं हुई हैं। इसमें सैदुलाजाब में इमारत ढहना, हौज रानी में आग लगने की घटना और अब सत्य निकेतन में इमारत ढहना शामिल है।

भाषा नोमान नोमान अविनाश

अविनाश