Breaking News

बीजेपी 18 सितंबर से शुरू करेगी ‘नशा मुक्त पंजाब' यात्रा, 30 सितंबर तक चलेगी     |   11-13 सितंबर तक आम जनता के लिए राष्ट्रपति भवन, म्यूजियम, अमृत उद्यान बंद रहेगा     |   लाल सिंह आर्या BJP के किसान मोर्चा के प्रभारी बने, सतीश पूनिया के जिम्मे ST मोर्चा     |   BJP ने पुरंदेश्वरी को महिला मोर्चा और वैजयंत पांडा को OBC मोर्चा का प्रभार सौंपा     |   UP सरकार की योजनाओं में बढ़ा AI का इस्तेमाल, पेंशन-छात्रवृत्ति पर भी निगरानी     |  

दिल्ली : एच1एन1 और डेंगू की रोकथाम को लेकर जन प्रतिनिधियों की कार्यशाला

नयी दिल्ली, सात सितंबर (भाषा) दिल्ली सरकार ने मौसमी इन्फ्लूएंजा एच1एन1 और डेंगू की रोकथाम और प्रबंधन को लेकर जागरूकता पैदा करने के वास्ते सोमवार को पार्षदों और जन प्रतिनिधियों के लिए एक कार्यशाला आयोजित की।

इसमें स्वास्थ्य मंत्री पंकज कुमार सिंह ने बीमारियों के प्रसार को रोकने के लिए सामुदायिक भागीदारी बढ़ाने का आह्वान किया।

दिल्ली सचिवालय में आयोजित कार्यशाला में मौसमी बीमारियों के लक्षण, रोकथाम, शीघ्र पता लगाने और प्रबंधन पर ध्यान केंद्रित किया गया, जबकि प्रत्येक वार्ड और हर घर तक स्वास्थ्य जागरूकता संदेश पहुंचाने में निर्वाचित प्रतिनिधियों की भूमिका पर जोर दिया गया।

सिंह ने कार्याशाला को संबोधित करते हुए कहा कि बीमारी की रोकथाम को केवल अस्पतालों और स्वास्थ्य कर्मियों तक सीमित नहीं रखा जा सकता है, इसके लिए समुदाय स्तर पर भी सक्रिय भागीदारी की जरूरत है।

उन्होंने पार्षदों से स्वास्थ्य विभाग और जमीनी टीम के साथ मिलकर काम करने का आग्रह किया, ताकि स्वास्थ्य संबंधी संदेश राजधानी के हर वार्ड, मोहल्ले और हर घर तक प्रभावी तरीके से पहुंच सकें।

मंत्री ने कहा, “हर बुखार को एच1एन1 और डेंगू से नहीं जोड़ना चाहिए। आम वायरल संक्रमण से भी बुखार, खांसी और सर्दी-जुकाम हो सकता है। इसलिए नागरिकों को घबराने और खुद से बीमारी का अंदाजा लगाने से बचना चाहिए और जरूरत पड़ने पर डॉक्टर की सलाह जरूर लेनी चाहिए।”

एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, कार्यशाला में बीमारी को फैलने से रोकने के लिए कुछ सावधानियों को अपनाने पर विशेष बल दिया गया, जिसमें नियमित रूप से हाथ धोना, खांसते या छींकते समय मुंह और नाक को ढकना, सांस से जुड़ी तकलीफ होने पर दूसरों के ज़्यादा करीब नहीं जाना और भीड़-भाड़ वाली जगहों पर मास्क पहनना शामिल है।

स्वास्थ्य मंत्री ने सभी जन-प्रतिनिधियों से अपील की वे अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों में सावधानियों और संदेशों को अधिक प्रचारित करें और गलत जानकारी, खासकर हर बुखार को एन1एन1 से जोड़ने वाली धारणा को दूर करने का प्रयास करें।

डेंगू को लेकर सिंह ने विशेष रूप से मॉनसून और मॉनसून के बाद के समय में मच्छरों के पनपने की जगहों को खत्म करने के लिए लगातार कार्रवाई करने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि डेंगू फैलाने वाला एडीज मच्छर रुके हुए पानी की थोड़ी सी मात्रा में भी पनप सकते हैं।

सिंह ने लोगों को भरोसा देते हुए कहा कि दिल्ली सरकार की स्वास्थ्य सुविधाएं इन मौसमी बीमारियों से निपटने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं, इनमें डेंगू के लिए जांच और इलाज की सुविधाएं और मौसमी इन्फ्लूएंजा के लिए अस्पतालों में पृथक वार्ड और जांच की सुविधाएं उपलब्ध हैं।

भाषा नोमान नोमान धीरज

धीरज