महराजगंज, सात सितंबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले के कोठीभार थाना क्षेत्र के एक गांव में सोमवार को 15 वर्षीय लड़की का शव उसके घर के अंदर फंदे से लटका मिला। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान कोठीभार थाना क्षेत्र के कटुहारी कला गांव निवासी मजदूर की बेटी नजमा (15) के रूप में हुई है। यह घटना सोमवार दोपहर करीब एक बजे हुई, जबकि पुलिस को इसकी सूचना करीब तीन बजे मिली। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
पुलिस ने बताया कि नाबालिग लड़की का शव दुपट्टे के सहारे फंदे से लटका मिला। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
कोठीभार थाना प्रभारी अखिलेश वर्मा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, मौत के कारणों का तत्काल पता नहीं चल सका है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
भाषा
सं, आनन्द रवि कांत