जम्मू, सात सितंबर (भाषा) नेशनल कॉन्फ्रेंस (नेकां) के सांसद मियां अल्ताफ ने सोमवार को किश्तवाड़ जिले में दूरदराज के छत्रू गांव में स्कूल शिक्षक द्वारा दुष्कर्म किये जाने के बाद गर्भवती हुई नाबालिग आदिवासी लड़की के परिवार से मुलाकात की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि गर्भपात के दौरान लड़की की मौत हो गई थी।
अधिकारियों के अनुसार, इस मामले की जांच 29 अगस्त को अपराध शाखा को सौंप दी गई थी और अब तक कथित दुष्कर्म आरोपी समेत 10 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
नेकां के प्रवक्ता ने बताया कि सांसद ने गुरिनाल गांव में पीड़ित परिवार के घर जाकर शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात की और अपनी संवेदना व्यक्त की।
प्रवक्ता ने कहा कि इसके बाद अल्ताफ ने किश्तवाड़ में जिला अस्पताल में भर्ती पीड़िता के पिता से भी मुलाकात की।
उन्होंने पिता के स्वास्थ्य को लेकर चिंता जताई और परिवार को हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया।
सांसद ने परिवार को भरोसा दिलाया कि इस मामले को संबंधित अधिकारियों के समक्ष उठाकर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
भाषा जितेंद्र दिलीप
दिलीप