Breaking News

बीजेपी 18 सितंबर से शुरू करेगी ‘नशा मुक्त पंजाब' यात्रा, 30 सितंबर तक चलेगी     |   11-13 सितंबर तक आम जनता के लिए राष्ट्रपति भवन, म्यूजियम, अमृत उद्यान बंद रहेगा     |   लाल सिंह आर्या BJP के किसान मोर्चा के प्रभारी बने, सतीश पूनिया के जिम्मे ST मोर्चा     |   BJP ने पुरंदेश्वरी को महिला मोर्चा और वैजयंत पांडा को OBC मोर्चा का प्रभार सौंपा     |   UP सरकार की योजनाओं में बढ़ा AI का इस्तेमाल, पेंशन-छात्रवृत्ति पर भी निगरानी     |  

शाहजहांपुर में जर्जर सड़क को लेकर ग्रामीणों का प्रदर्शन, तीन दिन से भूख हड़ताल पर बैठे सपा कार्यकर्ता

शाहजहांपुर, सात सितंबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले के एक गांव में करीब पांच दशक पहले बनी सड़क अब दलदल में तब्दील हो गई है। सड़क निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीण और समाजवादी पार्टी (सपा) के कार्यकर्ता पिछले तीन दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे हैं।

जलालाबाद विकासखंड के जेरा रहीमपुर गांव में सोमवार को दर्जनों ग्रामीणों और सपा कार्यकर्ताओं ने अर्धनग्न होकर प्रदर्शन किया तथा मानव शृंखला बनाकर विरोध जताया।

प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे सपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रामवीर सोमवंशी ने कहा कि सड़क की हालत इतनी खराब है कि ग्रामीणों को कीचड़ भरे दलदल से होकर आवागमन करना पड़ता है।

उन्होंने कहा कि करीब 50 साल पहले बनी इस सड़क की उसके बाद कभी मरम्मत नहीं हुई और अब इसका अस्तित्व भी लगभग समाप्त हो गया है।

सोमवंशी ने कहा कि यह सड़क कभी अल्लाहगंज से राजेपुर (फर्रुखाबाद) तक जाने वाले मार्ग का हिस्सा थी। उन्होंने बताया कि ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि सड़क का निर्माण नहीं कराया गया तो वे मतदान का बहिष्कार करेंगे।

जलालाबाद के उप जिलाधिकारी मधुसूदन गुप्ता ने सोमवार को पीटीआई-भाषा को बताया कि मामला संज्ञान में आने के बाद उन्होंने राजस्व टीम को मौके पर भेजा था। टीम ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं।

उन्होंने बताया कि मामले का संज्ञान लेने के लिए खंड विकास अधिकारी को निर्देश दिए गए हैं। अधिकारी ने आश्वासन दिया है कि प्रदर्शनकारियों की उचित मांगों को पूरा करने की दिशा में कार्रवाई की जा रही है।

ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की खराब स्थिति के कारण उन्हें रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ता है और बरसात के समय समस्या और गंभीर हो जाती है।

भाषा

सं, जफर रवि कांत