कोलकाता, सात सितंबर (भाषा) पश्चिम बंगाल सरकार ने सोमवार को कहा कि उसने आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (एबी-पीएमजेएवाई) के क्रियान्वयन में उल्लेखनीय प्रगति करते हुए सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने की दिशा में एक ‘बड़ी उपलब्धि’ हासिल की है।
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि राज्य द्वारा स्वास्थ्य सुरक्षा को मजबूत करने पर लगातार ध्यान देने से ‘जमीनी स्तर पर स्पष्ट नतीजे’ मिल रहे हैं।
मुख्यमंत्री द्वारा साझा किये गये आंकड़ों के अनुसार, राज्य भर में 3.23 करोड़ से ज़्यादा लाभार्थियों के पास अब पीएमजेएवाई कार्ड हैं, जिनसे उन्हें पांच लाख रुपये तक की वित्तीय सुरक्षा की गारंटी है।
उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत अब तक 31,541 मरीज़ों को अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जिन्हें सूचीबद्ध अस्पतालों में बिना किसी आर्थिक परेशानी के और समय पर इलाज मिला है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पश्चिम बंगाल के 716 मरीज़ों – ने इस योजना की देश भर में ‘पोर्टेबिलिटी’ सुविधा का फ़ायदा उठाते हुए राज्य के बाहर के बड़े अस्पतालों में इलाज कराया है।
उन्होंने कहा कि उनमें प्रवासी मजदूर और वे लोग शामिल हैं जिन्हें खास इलाज की जरूरत थी ।
अधिकारी ने कहा, ‘‘ग्रामीण इलाकों में पहुंच बढ़ाने से लेकर देश भर में आसानी से स्वास्थ्य पोर्टेबिलिटी की सुविधा देने तक, यह योजना पश्चिम बंगाल के स्वास्थ्य तंत्र को पूरी तरह से बदल रही है और इसके लिए समानता, वहनीयता और भरोसा उसकी धुरी है।’’
भाषा राजकुमार अविनाश
अविनाश