Breaking News

हरियाणा सरकार विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण और तकनीकी शिक्षा मुहैया कराने पर दे रही ध्यान: सैनी

चंडीगढ़, सात सितंबर (भाषा) हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोमवार को कहा कि राज्य सरकार विद्यार्थियों को मौजूदा समय की जरूरतों के अनुरूप कौशल से लैस बनाने के लिए गुणवत्तापूर्ण और तकनीकी शिक्षा उपलब्ध कराने पर ध्यान केंद्रित कर रही है।

सैनी ने कहा कि सरकार ने विद्यार्थियों के लिए पांच लाख डेटा सिम कार्ड खरीदने को मंजूरी दी है।

मुख्यमंत्री ने यहां उच्चाधिकार प्राप्त खरीद समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार ने इससे पहले सरकारी विद्यालयों में 10वीं से 12वीं कक्षा तक के बच्चों को ‘ई-लर्निंग’ योजना ‘एडवांस डिजिटल हरियाणा इनिशिएटिव ऑफ गवर्नमेंट विद अडेप्टिव मॉड्यूल्स’ के तहत पांच लाख मुफ्त टैबलेट उपलब्ध कराए थे।

बैठक में हरियाणा विद्युत प्रसारण निगम लिमिटेड के लिए 220 वोल्ट ट्यूबलर प्रकार की लेड-एसिड बैटरियों की खरीद को भी मंजूरी दी गई।

समिति ने हरियाणा राज्य सहकारी आपूर्ति एवं विपणन संघ लिमिटेड (हैफेड) द्वारा संचालित असंध चीनी मिल के एक साल के संचालन को भी मंजूरी दी।

इसके अलावा, नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत 59 उन्नत जीवन रक्षक (एडवांस लाइफ सपोर्ट) एंबुलेंस की खरीद को भी मंजूरी दी गई।

बयान में बताया गया कि बैठक में 90 करोड़ रुपये से अधिक के सेवा संबंधी कार्यों को भी मंजूरी प्रदान की गई।

भाषा जितेंद्र सुरेश

सुरेश