हैदराबाद, सात सितंबर (भाषा) तेलंगाना के हैदराबाद में सोमवार को 40 वर्षीय एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी कार में आग लगाने के बाद आत्महत्या कर ली। पुलिस ने यह जानकारी दी।
यह घटना दुंडीगल थाने के अंतर्गत बोवरमपेट में हुई। पुलिस को खुले इलाके में एक कार में आग लगने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने वाहन को आग की लपटों से घिरा पाया और उसके अंदर जला हुआ शव मिला।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि वाहन के पंजीकरण नंबर के आधार पर मृतक की पहचान 'लॉन्ड्री' के मालिक के रूप में हुई।
अधिकारी के अनुसार, व्यक्ति चालक की सीट पर मिला। उसने पारिवारिक विवादों के बाद कथित तौर पर खुद और वाहन पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली थी।
उन्होंने बताया कि मृतक की मां ने पुलिस को बताया कि वह दो साल से अधिक समय से अवसाद से जूझ रहा था।
पुलिस ने प्रारंभिक जांच के आधार पर बताया कि व्यक्ति की पत्नी अलग रह रही थी और स्वास्थ्य तथा आर्थिक समस्याएं लगातार बनी हुई थीं, जिसके कारण उसने यह कदम उठाया होगा।
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
भाषा
राखी रंजन
रंजन