Breaking News

बीजेपी 18 सितंबर से शुरू करेगी ‘नशा मुक्त पंजाब' यात्रा, 30 सितंबर तक चलेगी     |   11-13 सितंबर तक आम जनता के लिए राष्ट्रपति भवन, म्यूजियम, अमृत उद्यान बंद रहेगा     |   लाल सिंह आर्या BJP के किसान मोर्चा के प्रभारी बने, सतीश पूनिया के जिम्मे ST मोर्चा     |   BJP ने पुरंदेश्वरी को महिला मोर्चा और वैजयंत पांडा को OBC मोर्चा का प्रभार सौंपा     |   UP सरकार की योजनाओं में बढ़ा AI का इस्तेमाल, पेंशन-छात्रवृत्ति पर भी निगरानी     |  

दिल्ली इमारत हादसे में दुर्ग के 20 वर्षीय छात्र की मौत, रक्षाबंधन मनाकर लौटा था वापस

दुर्ग, सात सितंबर (भाषा) दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में इमारत गिरने की घटना में छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के 20 वर्षीय छात्र युवराज सोनी की मौत हो गई। युवराज उन सात लोगों में शामिल था, जो मलबे में दबकर जान गंवा बैठे। पुलिस अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

परिजनों के अनुसार, रक्षाबंधन का त्योहार मनाने के कुछ दिन बाद ही युवराज 31 अगस्त को दिल्ली में अपनी पढ़ाई जारी रखने के लिए रवाना हुआ था। परिवार को इस बात का अंदाजा नहीं था कि यह उसकी आखिरी घर वापसी होगी।

दुर्ग के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनीशंकर चंद्रा ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘हमें सूचना मिली है कि पंचशील नगर निवासी युवराज सोनी की दिल्ली के सत्य निकेतन क्षेत्र में इमारत गिरने से मौत हो गई है। हमने उसके परिजनों को जानकारी दे दी है और हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया है।’’

युवराज स्थानीय दवा कारोबारी कन्हैया सोनी का इकलौता बेटा था। वह रक्षाबंधन की छुट्टियों में अपने घर आया था।

एक पड़ोसी ने बताया कि युवराज 31 अगस्त को दुर्ग से दिल्ली के लिए रवाना हुआ था और एक सितंबर को वहां पहुंचा था। उसके परिवार में माता-पिता और कक्षा नौ में पढ़ने वाली छोटी बहन है।

दिल्ली के सत्य निकेतन में स्थित यह इमारत दिल्ली विश्वविद्यालय के दक्षिण परिसर के पास लड़कों के पेइंग गेस्ट आवास के रूप में इस्तेमाल होती थी। रविवार दोपहर करीब डेढ़ बजे बेसमेंट में मरम्मत कार्य के दौरान यह इमारत ढह गई।

इस हादसे में 75 वर्षीय व्यक्ति समेत कुल सात लोगों की मौत हुई है।

एक अन्य पड़ोसी हिमांशु पटेल ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद युवराज के चचेरे भाई और अन्य रिश्तेदार रविवार को दिल्ली के लिए रवाना हुए और एम्स- दिल्ली पहुंचे।

उन्होंने बताया कि परिवार युवराज का शव सड़क मार्ग से दुर्ग लाने की तैयारी कर रहा है।

भाषा

सं, संजीव रवि कांत