नयी दिल्ली, सात सितंबर (भाषा) दिल्ली पुलिस ने 72 घंटे के 'ऑपरेशन सजग' के तहत कथित चोरों, लुटेरों, झपटमारों, मादक पदार्थों व शराब तस्करों समेत 39 लोगों को पकड़ा है। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि सड़क पर होने वाले अपराध, चोरी, मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध शराब, जुआ और अवैध हथियार रखने पर अंकुश लगाने के लिए चलाए गए अभियान से चोरी और वाहन चोरी के 15 मामलों को सुलझाया गया।
पुलिस के अनुसार, पुलिस ने 16 मोबाइल फोन बरामद किए, जिनमें 12 चोरी के या लूटे गए थे। इसके अलावा लगभग तीन लाख रुपये के कृत्रिम आभूषण, सोने की एक चेन और लॉकेट, 78,000 रुपये नकद, 73.18 ग्राम स्मैक, अवैध शराब, चार अवैध चाकू और चोरी या अपराध से जुड़े पांच दोपहिया वाहन भी बरामद किए गए है।
पुलिस ने बताया कि आदर्श नगर क्षेत्र से चार कथित अवैध बांग्लादेशी नागरिकों को पकड़ा गया और उनके निर्वासन की कार्यवाही शुरू की गई।
पुलिस ने बताया कि अभियान के तहत स्वापक औषधि और मनःप्रभावी पदार्थ अधिनियम (एनडीपीएस), आबकारी अधिनियम व शस्त्र अधिनियम के तहत गिरफ्तारियां भी हुईं। इस दौरान जुआ खेलने में शामिल लोगों को पकड़ा गया है।
पुलिस ने कहा कि कई आरोपियों का आपराधिक इतिहास है जिनमें से एक कथित आदतन अपराधी है और उस पर 45 मामले दर्ज हैं।
भाषा नोमान
नोमान नरेश
नरेश