गुरुग्राम, सात सितंबर (भाषा) पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को गुरुग्राम की भोंडसी जेल में मान मंत्रिमंडल के सदस्य संजीव अरोड़ा से मुलाकात की। पुलिस ने यह जानकारी दी।
उसने बताया कि मान दिल्ली के कपूरथला हाउस से अपने काफिले के साथ अपराह्न करीब दो बजे गुरुग्राम पहुंचे और अरोड़ा से मुलाकात के बाद अपराह्न 2:40 बजे वहां से रवाना हो गए।
दोनों नेताओं ने जेल में अरोड़ा से मुलाकात कर लौटने पर कोई बयान नहीं दिया।
केजरीवाल और मान ने 23 मई को भी भोंडसी जेल जाकर अरोड़ा से मुलाकात की थी। दोनों नेताओं ने जेल के अंदर एक बंद कमरे में अरोड़ा से करीब 20 मिनट तक मुलाकात की थी।
जेल के एक अधिकारी ने बताया, ‘‘आज, तीन महीने बाद, मुख्यमंत्री मान ने जेल के भीतर मंत्री अरोड़ा से एक बार फिर करीब 40 मिनट तक मुलाकात की।’’
पंजाब सरकार के मंत्री अरोड़ा को इस साल नौ मई को चंडीगढ़ में उनके सरकारी आवास से प्रवर्तन निदेशालय ने धनशोधन और 100 करोड़ रुपये के फर्जी जीएसटी बिलिंग घोटाले के मामले में गिरफ्तार किया था।
मान सरकार ने अरोड़ा के विभागों का कार्यभार दूसरे मंत्रियों को आवंटित कर दिया, लेकिन उन्हें मंत्रिमंडल में बनाए रखा है।
भाषा धीरज दिलीप
दिलीप