Breaking News

BRICS Summit के लिए दिल्ली पहुंचे पुतिन, पालम एअरपोर्ट पर उतरा राष्ट्रपति का विमान     |   पूर्व वेनेजुएला फर्स्ट लेडी ने मांगी जेल से रिहाई, दिल की बीमारी का दिया हवाला     |   तिब्बत में 3.7 तीव्रता का भूकंप, तड़के सुबह महसूस हुए झटके     |   दिल्ली में IGL का अभियान, CNG सिलेंडरों के हाइड्रो टेस्ट सर्टिफिकेट की होगी जांच     |   BRICS समिट से पहले दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी, चप्पे-चप्पे पर कड़ी निगरानी     |  

430 चिकित्सा अधिकारियों की भर्ती प्रक्रिया पूरी, नियुक्ति पत्र जारी किए जा रहे हैं : वरिष्ठ अधिकारी

चंडीगढ़, सात सितंबर (भाषा) हरियाणा की अतिरिक्त मुख्य सचिव (स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण) सुमिता मिश्रा ने बताया कि 430 चिकित्सा अधिकारियों की भर्ती प्रक्रिया पूरी हो गई है और चयनित उम्मीदवारों को सोमवार से नियुक्ति पत्र भेजे जाएंगे।

एक आधिकारिक बयान के अनुसार, भर्ती किए गए नए चिकित्सक विभिन्न महत्वपूर्ण चिकित्सा क्षेत्रों में विशेषज्ञता रखते हैं, जिससे सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में विशेषज्ञ सेवाओं का और विस्तार होगा।

नियुक्तियों में सर्जरी के 11, एनेस्थीसिया के 18, ऑर्थोपेडिक्स और बाल रोग के 19-19, मनोचिकित्सा के चार, नेत्र रोग के 11, प्रसूति एवं स्त्री रोग के 16, पैथोलॉजी के 18, फार्माकोलॉजी के चार, ईएनटी के चार और बायोकैमिस्ट्री के एक चिकित्सक शामिल हैं।

मिश्रा ने बताया कि चिकित्सा कर्मियों की नई नियुक्तियां इस तरह की गई हैं कि उनका अधिकतम प्रभाव हो और द्वितीयक स्तर के सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में विशेषज्ञ सेवाओं को मजबूत किया जा सके।

उन्होंने कहा कि अब विशेषज्ञ चिकित्सकों को जिला और उपमंडल स्तर के सिविल अस्पतालों में तैनात किया गया है, जहां उनकी सबसे अधिक जरूरत है। इससे विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं में सुधार होगा और सरकारी अस्पतालों में मरीजों के लिए उपचार अधिक सुलभ होगा।

बयान के अनुसार, जमीनी स्तर पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में रिक्त पदों पर एमबीबीएस चिकित्सा अधिकारियों की नियुक्ति की जा रही है। इससे चिकित्सकों की उपलब्धता बढ़ेगी और शहरी तथा ग्रामीण दोनों क्षेत्रों के लोगों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उन्हें अपने आसपास मिल सकेंगी।

नवनियुक्त चिकित्सा अधिकारियों को नियुक्ति पत्र मिलने के 15 दिन के भीतर अपने निर्धारित स्थानों पर कार्यभार संभालना होगा। इससे वे जल्द अपनी नई जिम्मेदारियां संभाल सकेंगे और स्वास्थ्य सेवाओं को समय पर मजबूत किया जा सकेगा।

मिश्रा ने कहा कि भर्ती प्रक्रिया पूरी होना स्वास्थ्य विभाग में चिकित्सा अधिकारी के पदों को भरने और पूरे हरियाणा में चिकित्सा कर्मियों की संख्या बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

भाषा

राखी नरेश

नरेश