इंदौर, सात सितंबर (भाषा) केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने मध्यप्रदेश के सागर जिले में जहरीली शराब के सेवन से 12 लोगों की मौत पर सोमवार को शोक जताया और कहा कि नशामुक्ति के लिए सामाजिक स्तर पर सतत सामूहिक प्रयास किए जाने की दरकार है।
सिंधिया ने जहरीली शराब कांड को लेकर प्रतिक्रिया मांगे जाने पर इंदौर में संवाददाताओं से कहा, ‘‘यह घटना बेहद दुखद है। अवैध शराब हो या किसी भी तरह का नशा हो, इनसे हमें अपनी नौजवान पीढ़ी को मुक्ति दिलानी है।’’
उन्होंने कहा कि नशामुक्ति के लिए सभी लोगों को मिलकर सामाजिक तौर पर लगातार प्रयत्न करने होंगे।
लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के इंदौर में 19 सितंबर को प्रस्तावित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम पर केंद्रीय मंत्री ने संक्षिप्त प्रतिक्रिया में कहा,‘‘वह आएं। स्वागत है। इससे भला क्या समस्या है।’’
सिंधिया ने यह भी कहा कि उज्जैन में 2028 के दौरान लगने वाले सिंहस्थ मेले की मुख्यमंत्री मोहन यादव की अगुवाई में बड़े पैमाने पर तैयारी की जा रही है।
उन्होंने कहा, ‘‘हम प्रार्थना करते हैं कि सबकी सहभागिता से यह सिंहस्थ मेला न सिर्फ पूरे देश के लिए, बल्कि समूचे विश्व के लिए ऐतिहासिक बने।’’
भाषा
हर्ष रवि कांत