Breaking News

BRICS Summit के लिए दिल्ली पहुंचे पुतिन, पालम एअरपोर्ट पर उतरा राष्ट्रपति का विमान     |   पूर्व वेनेजुएला फर्स्ट लेडी ने मांगी जेल से रिहाई, दिल की बीमारी का दिया हवाला     |   तिब्बत में 3.7 तीव्रता का भूकंप, तड़के सुबह महसूस हुए झटके     |   दिल्ली में IGL का अभियान, CNG सिलेंडरों के हाइड्रो टेस्ट सर्टिफिकेट की होगी जांच     |   BRICS समिट से पहले दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी, चप्पे-चप्पे पर कड़ी निगरानी     |  

मेघालय: उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन ने 1,000 करोड़ रुपये से ज्यादा की परियोजनाओं की आधारशिला रखी

शिलांग, सात सितंबर (भाषा) उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने मेघालय में सोमवार को ‘न्यू शिलांग वॉटर सप्लाई स्कीम’ के 850.58 करोड़ रुपये के दूसरे चरण सहित 1,000 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली पांच परियोजनाओं की आधारशिला रखी।

राधाकृष्णन ने यहां सोसो थाम सभागार में राज्य सरकार और लोगों की ओर से उनके सम्मान में आयोजित एक सार्वजनिक समारोह में इन परियोजनाओं की आधारशिला रखी।

अन्य परियोजनाओं में ‘नॉर्थ ईस्ट स्पेशल इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट स्कीम’ के तहत सड़क संपर्क की दो परियोजनाएं, शिलांग सरकारी अस्पताल में 30 बिस्तरों वाली आयुष सुविधा और ‘प्राइम मिनिस्टर्स डेवलपमेंट इनिशिएटिव फॉर नॉर्थ ईस्टर्न रीजन’ के तहत मावखानु में 132/33 किलोवाट का सब-स्टेशन शामिल हैं।

राधाकृष्णन ने सभा को संबोधित करते हुए मेघालय की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, प्राकृतिक सुंदरता और अनोखी सामाजिक व्यवस्थाओं पर प्रकाश डाला।

उन्होंने कहा कि राज्य की जीवंत जमीनी स्तर की संस्थाएं भारत की विविधता और लोकतांत्रिक परंपराओं को दर्शाती हैं।

उपराष्ट्रपति ने सांस्कृतिक कार्यक्रम में मेघालय की तीन प्रमुख जनजातियों खासी, गारो और जयंतिया की प्रस्तुतियां भी देखीं।

राधाकृष्णन राज्य के दो दिवसीय दौरे पर हैं।

इससे पहले दिन में, इनर लाइन परमिट (आईएलपी) के समर्थन वाले एक समूह ने शिलांग हवाई अड्डे के पास शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन किया।

वे राज्य में परमिट प्रणाली लागू करने, खासी भाषा को आठवीं अनुसूची में शामिल करने और अन्य मुद्दों के समाधान की मांग कर रहे थे।

भाषा जितेंद्र नरेश

नरेश