हैदराबाद, सात सितंबर (भाषा) तेलंगाना के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) सी. वी. आनंद ने सोमवार को पुलिस अधिकारियों को राज्यभर में गणेश चतुर्थी उत्सव को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए व्यापक सुरक्षा इंतजाम करने के निर्देश दिए।
एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि डीजीपी ने राज्यभर के उपनिरीक्षकों (एसआई) और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से बैठक की और उत्सव की तैयारियों की समीक्षा की। गणेश चतुर्थी का आयोजन 14 सितंबर से शुरू होगा और 25 सितंबर को गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन के साथ इसका समापन होगा।
उन्होंने बताया कि गणेश पंडालों की जानकारी जुटाने और उसकी निगरानी के लिए एक विशेष ऑनलाइन पोर्टल शुरू किया गया है। उन्होंने कहा कि इस मंच पर पंडालों की जगह, आयोजकों और समिति के सदस्यों की जानकारी के साथ-साथ प्रतिमा विसर्जन के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले वाहनों का विवरण भी अपडेट किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि पुलिस आयुक्तों, पुलिस उपायुक्तों (डीसीपी) और पुलिस अधीक्षकों (एसपी) को पंडालों का दौरा करना चाहिए और निरीक्षण के दौरान अपनी टिप्पणियां और सुझाव 'पॉइंट बुक' में दर्ज करने चाहिए।
डीजीपी ने कहा कि पुलिस को गणेश पंडालों के आसपास बिजली सुरक्षा और यातायात प्रबंधन पर विशेष ध्यान देना चाहिए तथा बिजली, अग्निशमन और अन्य विभागों के साथ करीबी समन्वय बनाकर काम करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि आयोजकों को स्वयंसेवकों की तैनाती के लिए प्रोत्साहित किया जाना चाहिए और पंडालों में सीसीटीवी कैमरों तथा कतार प्रबंधन की व्यवस्था सुनिश्चित करनी चाहिए।
आनंद ने कहा कि पुलिस को विसर्जन मार्गों, सड़कों और पुलों की अग्रिम जानकारी जुटानी चाहिए, जिसमें उनकी भार वहन क्षमता भी शामिल हो। साथ ही, 25 सितंबर के लिए उचित यातायात और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करनी चाहिए।
उन्होंने अधिकारियों को पंडालों और सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी में मदद के लिए जियो-टैगिंग का इस्तेमाल करने के निर्देश दिए।
डीजीपी ने अधिकारियों को सोशल मीडिया पर कड़ी नजर रखने और सार्वजनिक व्यवस्था को प्रभावित करने वाले किसी भी मुद्दे का तुरंत समाधान करने के निर्देश भी दिए।
भाषा तान्या नरेश
नरेश