Breaking News

BRICS Summit के लिए दिल्ली पहुंचे पुतिन, पालम एअरपोर्ट पर उतरा राष्ट्रपति का विमान     |   पूर्व वेनेजुएला फर्स्ट लेडी ने मांगी जेल से रिहाई, दिल की बीमारी का दिया हवाला     |   तिब्बत में 3.7 तीव्रता का भूकंप, तड़के सुबह महसूस हुए झटके     |   दिल्ली में IGL का अभियान, CNG सिलेंडरों के हाइड्रो टेस्ट सर्टिफिकेट की होगी जांच     |   BRICS समिट से पहले दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी, चप्पे-चप्पे पर कड़ी निगरानी     |  

मादक पदार्थों की बिक्री हिमाचल पुलिस की विफलता: कंगना रनौत

शिमला, सात सितंबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सांसद कंगना रनौत ने सोमवार को कहा कि मादक पदार्थों की बिक्री हिमाचल प्रदेश पुलिस की विफलता है तथा उसे इसकी जिम्मेदारी लेनी होगी।

कुल्लू में जिला विकास समन्वय और निगरानी बैठक की अध्यक्षता करते हुए कंगना ने कहा कि जिले में खोखों (छोटी अस्थायी दुकानों) में मादक पदार्थ बेचे जा रहे हैं।

मंडी की लोकसभा सदस्य ने कहा, ‘‘मुख्यमंत्री के साथ बैठकर राज्य में मादक पदार्थ की बुराई को रोकने के लिए कुछ कड़े कानून लाइए।’’

उन्होंने कहा कि बार-बार अपराध करने वालों को जेल भेजा जाना चाहिए और अवैध धन से अर्जित उनकी संपत्ति जब्त कर ली जानी चाहिए।

रनौत ने अधिकारियों से राज्य में एक ऐसा तंत्र बनाने को कहा जिससे मादक पदार्थ के इस्तेमाल और व्यापार में शामिल होना आसान न हो।

हिमाचल प्रदेश का कुल्लू जिला मादक पदार्थ खासकर 'मलाना क्रीम' के लिए बदनाम है। यह हाथ से रगड़कर बनाया गया गांजे का ‘कॉन्संट्रेट’ (जिसे चरस कहते हैं) है, जो पार्वती घाटी के अलग-थलग बसे मलाना गांव से आता है।

इसके अलावा, ज़िले के घने जंगलों में रेव पार्टियों के चलन ने इस इलाके में अन्य महंगे और खतरनाक नशीले पदार्थ के आने का रास्ता भी खोल दिया है।

भाषा राजकुमार नेत्रपाल

नेत्रपाल