Breaking News

BRICS Summit के लिए दिल्ली पहुंचे पुतिन, पालम एअरपोर्ट पर उतरा राष्ट्रपति का विमान     |   पूर्व वेनेजुएला फर्स्ट लेडी ने मांगी जेल से रिहाई, दिल की बीमारी का दिया हवाला     |   तिब्बत में 3.7 तीव्रता का भूकंप, तड़के सुबह महसूस हुए झटके     |   दिल्ली में IGL का अभियान, CNG सिलेंडरों के हाइड्रो टेस्ट सर्टिफिकेट की होगी जांच     |   BRICS समिट से पहले दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी, चप्पे-चप्पे पर कड़ी निगरानी     |  

दिल्ली हवाई अड्डे पर पानी भरने के फर्जी वीडियों डालने वालों पर सरकार की सख्त कार्रवाई: अधिकारी

नयी दिल्ली, सात सितंबर (भाषा) दिल्ली हवाई अड्डे पर पिछले सप्ताह जलभराव को लेकर एआई से तैयार तस्वीरों के जरिये गलत सूचना फैलाने वाले सोशल मीडिया हैंडल के खिलाफ सरकार ने सख्त कार्रवाई की है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रीय राजधानी में हवाई अड्डे का संचालन करने वाली दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (डायल) ने गलत सूचना फैलाने वाले सोशल मीडिया हैंडल के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।

इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा (आईजीआईए) देश का सर्वाधिक व्यस्त हवाईअड्डा है।

अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार को भारी बारिश के बाद कुछ लोगों ने सोशल मीडिया पर एआई से तैयार वीडियो और अन्य स्थानों के पुराने वीडियो साझा किए तथा उन्हें दिल्ली हवाई अड्डे का बताकर पेश किया।

अधिकारियों ने बताया कि ऐसे सोशल मीडिया हैंडल के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई है और हवाई अड्डा संचालक ने छह सितंबर को उनके विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई है।

उन्होंने बताया कि शिकायत के हिस्से के रूप में उन सोशल मीडिया हैंडल की सूची भी दिल्ली पुलिस के साथ साझा की गई है।

अधिकारियों ने बताया कि सोशल मीडिया पर दिल्ली हवाई अड्डे को लेकर भ्रामक या गलत जानकारी फैलाने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

दिल्ली में चार सितंबर को अपराह्न हुई भारी बारिश के कारण हवाई अड्डे के टर्मिनल-दो और टर्मिनल-तीन की ओर जाने वाली सड़कों और सामने वाले हिस्सों में जलभराव हो गया था।

भाषा तान्या सुरेश

सुरेश