चेन्नई, सात सितंबर (भाषा) कुआलालंपुर से जेद्दा जा रही मलेशिया एयरलाइंस की एक उड़ान को उसके इंजन में तकनीकी गड़बड़ी के बाद सोमवार को चेन्नई की ओर मोड़ दिया गया और हवाई अड्डे पर पूर्ण आपात स्थिति घोषित की गई। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि मलेशिया एयरलाइंस की उड़ान एमएच 156 में 186 लोग सवार थे और विमान सुरक्षित रूप से चेन्नई हवाई अड्डे पर उतर गया। उन्होंने बताया कि विमान के उतरने से पहले हवाई अड्डे पर जरूरी इंतजाम किए गए थे।
अधिकारी ने बताया कि ‘‘इंजन नंबर दो से संबंधित’’ एक तकनीकी दिक्कत सामने आई थी।
उन्होंने कहा, ‘‘एयरलाइन तथा संबंधित तकनीकी दलों द्वारा विमान और तकनीकी गड़बड़ी का आकलन किया जा रहा है।’’ उन्होंने बताया कि हवाई अड्डे पर परिचालन सामान्य है।
अधिकारियों के अनुसार विमान को ‘टो’ वाहन की मदद से पार्किंग क्षेत्र में ले जाया गया। उन्होंने बताया कि यात्रियों के लिए हवाई अड्डे पर ठहरने की व्यवस्था की गई है।
भाषा अमित अविनाश
अविनाश