Breaking News

9/11 हमले के 25 साल, मृतकों को श्रद्धांजलि, पीड़ित परिवारों के साथ खड़े: PM मोदी     |   ‘आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में भारत सबसे आगे’, 9/11 हमले की बरसी पर बोले PM मोदी     |   महेश बाबू, राजामौली, VVS लक्ष्मण, साइना नेहवाल को SIR प्रक्रिया के तहत नोटिस जारी     |   UP के सीएम योगी आदित्यनाथ ने गड्ढा-मुक्त सड़कों को लेकर लखनऊ में बैठक की     |   BRICS Summit के लिए दिल्ली पहुंचे पुतिन, पालम एअरपोर्ट पर उतरा राष्ट्रपति का विमान     |  

तेलंगाना के मुख्यमंत्री ने छात्रों से कौशल विकास और नवाचार पर ध्यान देने को कहा

हैदराबाद, पांच सितंबर (भाषा) तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने शनिवार को कहा कि छात्रों को नौकरी के बेहतर अवसर पाने और उद्यमी के तौर पर सफल होने के लिए कौशल विकास और नवाचार पर ध्यान देना चाहिए।

अपने विधानसभा क्षेत्र कोडंगल में शिक्षक दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रेड्डी ने कहा कि 12वीं कक्षा के बाद तकनीकी ज्ञान और कौशल हासिल करने वाले छात्र 'दुनिया पर राज कर सकते हैं।'

मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले कहा जाता था कि सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) विशेषज्ञों को रोजगार और आजीविका के अवसर मिलेंगे, लेकिन कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के आने के बाद अमेरिका से लाखों इंजीनियरिंग स्नातक वापस लौट रहे हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के उन्नत प्रौद्योगिकी केंद्रों (एटीसी), पॉलिटेक्निक कॉलेजों और सरकार की यंग इंडिया स्किल्स यूनिवर्सिटी में पढ़ने वाले तथा रोजगारपरक कौशल हासिल करने वाले छात्रों के पास ऐसी रोजगार सुरक्षा है, जो इंजीनियरिंग स्नातकों के पास भी नहीं है।

रेड्डी ने कहा, 'अब अमेरिका नहीं, बल्कि सिंगापुर, जर्मनी, जापान और दक्षिण कोरिया जैसे देशों पर ध्यान केंद्रित करें। वहां स्थायी नौकरियों के अवसर उपलब्ध हैं, जहां न्यूनतम वेतन डेढ़ लाख रुपये से दो लाख रुपये तक है।'

उन्होंने कार्यक्रम में शामिल छात्राओं का जिक्र करते हुए कहा कि यदि वे 12वीं के बाद नर्सिंग की पढ़ाई करती हैं, तो कई देश उन्हें नौकरी देने के लिए तैयार हैं।

पिछली बीआरएस सरकार की आलोचना करते हुए उन्होंने कहा कि के. चंद्रशेखर राव के नेतृत्व वाली सरकार ने 8.50 लाख करोड़ रुपये के कर्ज के बोझ से राज्य की अर्थव्यवस्था को बर्बाद कर दिया।

भाषा

शुभम दिलीप

दिलीप