Breaking News

9/11 हमले के 25 साल, मृतकों को श्रद्धांजलि, पीड़ित परिवारों के साथ खड़े: PM मोदी     |   ‘आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में भारत सबसे आगे’, 9/11 हमले की बरसी पर बोले PM मोदी     |   महेश बाबू, राजामौली, VVS लक्ष्मण, साइना नेहवाल को SIR प्रक्रिया के तहत नोटिस जारी     |   UP के सीएम योगी आदित्यनाथ ने गड्ढा-मुक्त सड़कों को लेकर लखनऊ में बैठक की     |   BRICS Summit के लिए दिल्ली पहुंचे पुतिन, पालम एअरपोर्ट पर उतरा राष्ट्रपति का विमान     |  

मेट्रो रेल नेटवर्क के मामले में दो साल में अमेरिका को पीछे छोड़ देगा भारत : मनोहर लाल

इंदौर (मध्यप्रदेश), पांच सितंबर (भाषा) केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने शनिवार को कहा कि भारतीय शहरों में मेट्रो रेल सेवा का तेजी से विस्तार हो रहा है और देश अब इसके नेटवर्क की लंबाई के मामले में अमेरिका से महज 216 किलोमीटर पीछे है।

उन्होंने उम्मीद जताई कि भारत अगले दो वर्षों में अमेरिका को पीछे छोड़कर चीन के बाद दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा मेट्रो नेटवर्क वाला देश बन जाएगा।

केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल ने इंदौर में मेट्रो रेल की 2,850 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित विस्तारित सेवा का उद्घाटन किया। इस मौके पर राज्य के मुख्यमंत्री मोहन यादव भी मौजूद थे।

केंद्रीय मंत्री ने उद्घाटन समारोह में कहा,‘‘चीन में फिलहाल करीब 8,000 किलोमीटर लम्बी मेट्रो रेल लाइन है, जबकि अमेरिका में 1,386 किलोमीटर का मेट्रो रेल नेटवर्क है। भारत में इंदौर की विस्तारित लाइन को मिलाकर मेट्रो रेल नेटवर्क 1,170 किलोमीटर हो गया है।’’

उन्होंने कहा,‘‘मुझे लगता है कि आने वाले दो वर्षों में हम अमेरिका को पीछे छोड़ देंगे और (चीन के बाद) दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा मेट्रो नेटवर्क वाला देश बन जाएंगे।’’

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि 2014 में जब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश की बागडोर संभाली थी, उस समय पांच शहरों में सिर्फ 245 किलोमीटर लंबी लाइन पर मेट्रो रेल का संचालन हो रहा था, जबकि अब 26 शहरों में मेट्रो चल रही है और इसके नेटवर्क की कुल लंबाई 1,170 किलोमीटर हो गई है।

मनोहर लाल ने कहा कि मेट्रो रेल केवल यातायात का साधन नहीं है, बल्कि यह सेवा लोगों के लिए ‘ईज ऑफ लिविंग’ बढ़ाने का माध्यम भी है।

उन्होंने कहा कि मेट्रो रेल का विस्तार 2047 तक विकसित भारत के निर्माण के लक्ष्य से भी जुड़ा हुआ है।

समारोह में राज्य के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि मेट्रो रेल सेवा इंदौर में विकास का नया अध्याय लिख रही है और इसे उज्जैन तथा अन्य नजदीकी क्षेत्रों तक विस्तारित किया जाएगा।

उन्होंने 18,500 करोड़ रुपये की लागत वाली इंदौर-मनमाड़ रेल लाइन को मंजूरी देने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार भी जताया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस नयी रेल लाइन से मध्यप्रदेश के महाराष्ट्र और गुजरात सरीखे पड़ोसी राज्यों से रेल संपर्क में जबर्दस्त इजाफा होगा।

अधिकारियों ने बताया कि पहले इंदौर मेट्रो का वाणिज्यिक परिचालन गांधी नगर स्टेशन से सुपर कॉरिडोर-3 स्टेशन तक छह किलोमीटर के मार्ग पर किया जा रहा था और अब मेट्रो गांधी नगर स्टेशन से मालवीय नगर चौराहा स्टेशन तक 17 किलोमीटर लंबे मार्ग पर संचालित होगी।

उन्होंने बताया कि इंदौर में मेट्रो की विस्तारित सेवा की पहली मेट्रो रेल दोनों छोरों से रोजाना सुबह नौ बजे रवाना होगी, जबकि अंतिम ट्रेन शाम सात बजे चलेगी। यात्रियों को हर 15 मिनट में मेट्रो रेल मिलेगी और प्रतिदिन इसके 80 से अधिक फेरे संचालित किए जाएंगे।

अधिकारियों ने बताया कि विस्तारित सेवा में मेट्रो रेल कुल 16 स्टेशनों तक का सफर तय करेगी जिससे शहर के प्रमुख व्यावसायिक और आवासीय क्षेत्रों के बीच आवागमन की सुविधा व्यापक हो जाएगी।

भाषा हर्ष जोहेब

जोहेब