श्रीनगर, पांच सितंबर (भाषा) कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में शनिवार को मौसम की पहली बर्फबारी हुई जबकि मैदानी क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि हुई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों के अनुसार, गुलमर्ग, सोनमर्ग और गुमरी के पहाड़ी इलाकों में इस मौसम की पहली बर्फबारी हुई।
उन्होंने बताया कि श्रीनगर शहर और आसपास के जिलों के कुछ हिस्सों में सुबह व दोपहर के समय बारिश हुई, जिससे दिन के तापमान में कुछ डिग्री की गिरावट दर्ज की गई।
अधिकारियों ने बताया कि शहर के कुछ हिस्सों में ओलावृष्टि और तेज हवाएं चलने की भी खबरें मिली हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को कुछ समय के लिए हल्की बारिश होने की संभावना है लेकिन अगले कुछ दिनों में मौसम सामान्य रूप से शुष्क रहने की उम्मीद है।
भाषा जितेंद्र माधव
माधव