नयी दिल्ली, पांच सितंबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शनिवार को आरोप लगाया कि झारखंड में सहायक वन संरक्षक और वन क्षेत्र पदाधिकारी के पदों पर भर्ती के लिए आयोजित परीक्षाओं में ‘‘प्रश्नपत्रों की लूट’’ हुई और उसने इस मामले में कांग्रेस नेता राहुल गांधी से जवाब मांगा।
भाजपा प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने पार्टी मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए दावा किया कि झारखंड की भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की जांच में यह सामने आया है कि ‘स्ट्रांग रूम’ में सेंध लगाकर उत्तर पुस्तिकाओं में बदलाव किए गए।
उन्होंने कहा कि झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) की जांच में ‘‘चौंकाने वाले तथ्य’’ सामने आए हैं, जो छात्रों के हितों को लेकर कांग्रेस के नेतृत्व वाले विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ (इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस) के ‘‘असल रवैये’’ को उजागर करते हैं।
त्रिवेदी ने कहा, ‘‘सहायक वन संरक्षक और वन क्षेत्र पदाधिकारी के पदों पर भर्ती के लिए आयोजित परीक्षाओं की जांच के दौरान यह तथ्य सामने आए हैं कि जिन ‘स्ट्रांग रूम’ में उत्तर पुस्तिकाएं रखी गई थीं, उनमें सेंध लगाकर उनमें बदलाव किए गए।’’
उन्होंने कहा, ‘‘यह प्रश्नपत्रों के लीक होने का मामला नहीं था। यह प्रश्न पत्रों की लूट का मामला था।’’
भाजपा नेता ने गांधी से कहा, ‘‘लूट की यह छूट किसने दी?’’
त्रिवेदी ने कहा, ‘‘कम से कम राहुल गांधी को तो यह बताना चाहिए, क्योंकि झारखंड सरकार में उनकी पार्टी के कई नेता महत्वपूर्ण मंत्री पदों पर हैं।’’
कांग्रेस झारखंड में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के नेतृत्व वाली सरकार में शामिल है।
भाजपा प्रवक्ता ने इस मुद्दे पर कांग्रेस के सहयोगी दलों को भी निशाने पर लिया और उनकी ‘‘चुप्पी’’ पर सवाल उठाया।
उन्होंने कहा, ‘‘ऐसा लगता है कि परीक्षा के मुद्दे पर दिल्ली में गरजने और शोर मचाने वाले सभी राजनीतिक दल अब राहुल गांधी के तीन बंदर बन गए हैं। वे आंखें बंद करके बैठे हैं इसलिए उन्हें कुछ दिखाई नहीं देता, कान ढककर बैठे हैं इसलिए कुछ सुनाई नहीं देता और मुंह पर हाथ रखकर बैठे हैं इसलिए कुछ बोलते भी नहीं हैं।’’
भाषा सिम्मी अविनाश
अविनाश