Breaking News

ब्रिक्स समिट के दूसरे दिन की शुरुआत, भारत मंडपम पहुंच रहे लीडर     |   सिक्किम के रिम्बी में भारी भूस्खलन, खतरे की जद में आए दो मकान     |   इंडोनेशिया में 240 लोगों को लेकर निकला जहाज समंदर में लापता     |   आंध्र प्रदेश में ट्रक और ऑटो की जोरदार टक्कर, हादसे में 3 लोगों की दर्दनाक मौत     |   कुलगाम में आतंकी नेटवर्क पर CIK का शिकंजा, कई इलाकों में तलाशी अभियान जारी     |  

बिहार: मुठभेड़ के बाद दो वांछित अपराधी गिरफ्तार

पटना, 30 अगस्त (भाषा) पटना के बिहटा इलाके में रविवार को पुलिस के साथ मुठभेड़ के बाद दो वांछित अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

इस मुठभेड़ में एक अपराधी और दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। मौके से एक कार्बाइन, एक देसी राइफल, दो देसी पिस्तौल और 25 कारतूस भी बरामद किए गए।

पटना के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कार्तिकेय शर्मा ने संवाददाताओं को बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने के लिए जाल बिछाया था। लेकिन आरोपियों ने पुलिसकर्मियों को देख लिया और उन पर गोलीबारी शुरू कर दी। इसके जवाब में पुलिसकर्मियों ने भी गोली चलाई, जिसके बाद मुठभेड़ शुरू हो गई।

उन्होंने बताया कि अपराधियों ने करीब 40 गोलियां चलाईं, जबकि पुलिस ने 25 गोलियां चलायीं।

शर्मा ने बताया कि अंतत: पुलिस ने अनीश कुमार और पीयूष कुमार नाम के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उनके साथी मौके से फरार हो गए। अनीश कुमार के पैर में गोली लगी है और दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। सभी घायलों का इलाज हो रहा है।

एसएसपी ने बताया कि दोनों आरोपी कई आपराधिक मामलों में वांछित थे। उन्होंने कहा कि पिछले साल अनीश कुमार के घर से एके-47 राइफल भी बरामद की गई थी।

उन्होंने बताया कि पुलिस गिरफ्तार किए गए अपराधियों और उनके फरार साथियों के बारे में विस्तृत जानकारी जुटा रही है।

भाषा गोला शोभना

शोभना