Breaking News

ब्रिक्स समिट के दूसरे दिन की शुरुआत, भारत मंडपम पहुंच रहे लीडर     |   सिक्किम के रिम्बी में भारी भूस्खलन, खतरे की जद में आए दो मकान     |   इंडोनेशिया में 240 लोगों को लेकर निकला जहाज समंदर में लापता     |   आंध्र प्रदेश में ट्रक और ऑटो की जोरदार टक्कर, हादसे में 3 लोगों की दर्दनाक मौत     |   कुलगाम में आतंकी नेटवर्क पर CIK का शिकंजा, कई इलाकों में तलाशी अभियान जारी     |  

नाइजर में सैनिकों ने तड़के तख्तापलट की कोशिश की : रक्षामंत्री

नियामी,29 अगस्त (एपी) अफ्रीकी देश नाइजर में सैनिकों के एक समूह ने एक अहम सैन्य ठिकाने पर अधिकारियों के खिलाफ बगावत कर दी और राजधानी नियामी में संवेदनशील जगहों पर गोलीबारी की। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात शहर में लगातार गोलीबारी और धमाकों की आवाजें सुनी गईं। ये आवाज़ें मुख्य हवाई अड्डे और प्लेटू प्रशासनिक जिले में सुनी गई। हवाई अड्डे पर ही ‘बेस 101’ नाम का सैन्य हवाई अड्डा भी है जबकि ‘प्लेटू’ में राष्ट्रपति भवन तथा अहम संस्थान हैं।

नाइजर की सत्ता पर 2023 में तख्ता पलट कर काबिज हुई सैन्य सरकार के लिए यह नयी चुनौती है। सैन्य सरकार के नेता अब्दौराहमाने त्चियानी के नेतृत्व में नाइजर ने पश्चिमी देशों के साथ अपने पुराने सुरक्षा सहयोग संबंधों को समाप्त कर दिया था और रूस का रुख किया। हालांकि सैन्य सरकार को अब भी जिहादी विद्रोहियों के हमलों और मदद में कटौती के बाद खराब होती अर्थव्यवस्था का सामना करना पड़ रहा है।

नाइजर के रक्षा मंत्री जनरल सालिफू मोडी ने कहा कि अधिकारियों के हालात पर दोबारा काबू पाने से पहले, कुछ सैनिकों ने सैन्य अड्डे पर कुछ अधिकारियों को बंधक बना लिया और ‘अनुशासन और सैन्य नियमों को तोड़ते हुए संवेदनशील जगहों’ पर गोलीबारी की।

जिहादी विद्रोहियों ने इससे पहले इस साल दो बार डियोरी हमानी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर स्थित सैन्य अड्डे को निशाना बनाने की कोशिश की थी।

हवाई अड्डे और प्लेटू जिले के आस-पास सुरक्षा बल तैनात किए गए, जबकि नियामी जाने वाली एक मुख्य सड़क बंद कर दी गई।

सरकारी प्रसारक आरटीएन ने शनिवार सुबह कुछ घंटों के लिए अपना सजीव प्रसारण रोक दिया था, लेकिन बाद में प्रसारण फिर से शुरू कर दिया।

गृह सुरक्षा राष्ट्रीय परिषद (एनसीएसएच) नाम की सत्तारूढ़ सैन्य परिषद ने एकजुटता का आह्वान किया है। उसने एक फेसबुक पोस्ट में कहा, ‘‘हमारे रक्षा और सुरक्षा बल देश की रक्षा के लिए तैनात हैं। आइए हम एकजुट, सतर्क और सहयोगी बने रहें।’’

एपी धीरज पवनेश

पवनेश