Breaking News

ब्रिक्स समिट के दूसरे दिन की शुरुआत, भारत मंडपम पहुंच रहे लीडर     |   सिक्किम के रिम्बी में भारी भूस्खलन, खतरे की जद में आए दो मकान     |   इंडोनेशिया में 240 लोगों को लेकर निकला जहाज समंदर में लापता     |   आंध्र प्रदेश में ट्रक और ऑटो की जोरदार टक्कर, हादसे में 3 लोगों की दर्दनाक मौत     |   कुलगाम में आतंकी नेटवर्क पर CIK का शिकंजा, कई इलाकों में तलाशी अभियान जारी     |  

डूसू चुनाव : नये छात्रों से संपर्क कर रहे हैं छात्र समूह, घोषणापत्र पर मांगा सुझाव

नयी दिल्ली, 29 अगस्त (भाषा) दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डूसू) चुनावों से पहले छात्र संगठनों ने विभिन्न महाविद्यालयों में अपना प्रचार अभियान तेज कर दिया है। उम्मीदवार नये छात्रों से संपर्क कर रहे हैं और घोषणा-पत्र में शामिल किए जाने वाले मुद्दों पर उनसे सुझाव मांग रहे हैं।

भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) महाविद्यालयों का दौरा कर रहा है और छात्रों की समस्याओं को उजागर कर रहा है, जिनमें अवसंरचना, वाई-फाई सुविधाएं, नियमित कक्षाएं और कैंटीन का खाना शामिल है।

इस अभियान में शामिल एनएसयूआई के एक सदस्य ने बताया कि 2025 में उपाध्यक्ष का पद जीतने वाले राहुल झांसला ने “मेरा कैंपस, मेरा घोषणा-पत्र” पहल के तहत अभियान चलाया था।

संगठन के सदस्यों ने बताया कि छात्रों से सुझाव लेने के लिए संगठन इस साल भी वही पहल चला रहा है।

वहीं दूसरी ओर, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) नये छात्रों से आमने-सामने की मुलाकातों के जरिये संवाद कर रही है।

“मेरा डीयू, मेरा घोषणा-पत्र” अभियान के तहत, संगठन छात्रों से सुझाव इकट्ठा कर रहा है और उन्हें अपने चुनावी घोषणा-पत्र में शामिल करने की योजना बना रहा है।

ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) भी प्रथम वर्ष के छात्रों से संपर्क कर रहा है और उन्हें परिसर में मौजूद “प्रगतिशील राजनीतिक संस्कृति” से परिचित कराना चाहता है।

उसका अभियान चार साल के स्नातक कार्यक्रम (एफवाईयूपी) और राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) से जुड़े मुद्दों पर केंद्रित रहा है।

स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई) और आइसा के बीच संभावित गठबंधन के बारे में बात करते हुए, आइसा के एक कार्यकर्ता ने कहा कि यह एक “साझा लड़ाई” है।

छात्रसंघ चुनाव 18 सितंबर को होने हैं और नतीजे 19 सितंबर को घोषित होने की संभावना है।

भाषा प्रशांत सुरेश

सुरेश