Breaking News

ब्रिक्स समिट के दूसरे दिन की शुरुआत, भारत मंडपम पहुंच रहे लीडर     |   सिक्किम के रिम्बी में भारी भूस्खलन, खतरे की जद में आए दो मकान     |   इंडोनेशिया में 240 लोगों को लेकर निकला जहाज समंदर में लापता     |   आंध्र प्रदेश में ट्रक और ऑटो की जोरदार टक्कर, हादसे में 3 लोगों की दर्दनाक मौत     |   कुलगाम में आतंकी नेटवर्क पर CIK का शिकंजा, कई इलाकों में तलाशी अभियान जारी     |  

जामिया ने दाखिले में कथित अनियमितताओं के खिलाफ प्रदर्शन करने पर चार छात्रों को निलंबित किया

नयी दिल्ली, 29 अगस्त (भाषा) जामिया मिल्लिया इस्लामिया ने 2026-27 के दाखिले में कथित अनियमितताओं को लेकर प्रदर्शन करने वाले चार छात्रों को निलंबित कर दिया है और निलंबन की अवधि के दौरान परिसर में प्रवेश पर रोक लगा दी है। विश्वविद्यालय द्वारा जारी निलंबन आदेशों से यह जानकारी मिली।

विश्वविद्यालय के अनुसार, इन छात्रों ने 24 अगस्त को केंद्रीय कैंटीन में ‘‘अनधिकृत’’ धरना दिया था। उन्हें पहले ही बताया गया था कि प्रदर्शन केवल द्वार संख्या-18 के पास निर्धारित स्थान पर किया जा सकता है।

‘पीटीआई-भाषा’ ने विश्वविद्यालय के मुख्य प्रॉक्टर द्वारा 26 अगस्त को जारी निलंबन आदेशों की प्रतियां देखी हैं।

आदेशों के अनुसार, छात्रों को अलग-अलग अवधि के लिए निलंबित किया गया है और निलंबन के दौरान उनके परिसर में प्रवेश पर रोक रहेगी। इन छात्रों से यह भी बताने को कहा गया है कि उनके खिलाफ आगे अनुशासनात्मक कार्रवाई क्यों न की जाए।

विश्वविद्यालय के एक अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘अपराध की गंभीरता के आधार पर एक छात्र को 10 दिन, दो छात्रों को एक सप्ताह और चौथे छात्र को तीन दिन के लिए निलंबित किया गया है।’’

यह घटनाक्रम ऐसे समय हुआ है, जब कुछ दिन पहले एनएसयूआई की जामिया इकाई से जुड़े छात्रों ने परीक्षा परिणामों में पारदर्शिता, दाखिला प्रक्रिया की समीक्षा और दाखिले में कथित अनियमितताओं के लिए जवाबदेही की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया था।

भाषा शफीक दिलीप

दिलीप