Breaking News

ब्रिक्स समिट के दूसरे दिन की शुरुआत, भारत मंडपम पहुंच रहे लीडर     |   सिक्किम के रिम्बी में भारी भूस्खलन, खतरे की जद में आए दो मकान     |   इंडोनेशिया में 240 लोगों को लेकर निकला जहाज समंदर में लापता     |   आंध्र प्रदेश में ट्रक और ऑटो की जोरदार टक्कर, हादसे में 3 लोगों की दर्दनाक मौत     |   कुलगाम में आतंकी नेटवर्क पर CIK का शिकंजा, कई इलाकों में तलाशी अभियान जारी     |  

मप्र : तेज रफ्तार एसयूवी चलाने से रोकने पर सुरक्षा गार्ड की कुचलकर हत्या, चालक समेत दो गिरफ्तार

इंदौर (मध्यप्रदेश), 28 अगस्त (भाषा) इंदौर में तेज रफ्तार स्पोर्ट्स यूटिलिटी व्हीकल (एसयूवी) चलाने से रोकने पर एक सुरक्षा गार्ड की कुचलकर हत्या के आरोप में पुलिस ने गाड़ी के चालक और घटना के वक्त उसके साथ मौजूद महिला को शुक्रवार को गिरफ्तार किया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

लसूड़िया थाना प्रभारी राजकुमार यादव ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजा कुमावत (31) और सेजल उर्फ शालिनी (29) के रूप में हुई है।

उन्होंने बताया कि दोनों आरोपी घटना के बाद इंदौर से बाहर भागने की योजना बना रहे थे।

यादव ने बताया कि गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को एक स्थानीय अदालत में पेश किया गया जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

पुलिस के एक अन्य अधिकारी ने बताया कि शहर की एक कॉलोनी के प्रवेश द्वार पर बुधवार रात सुरक्षा गार्ड धर्मेंद्र मालवीय (30) अपने परिवार के साथ बैठा था, तभी कुमावत तेज रफ्तार एसयूवी से वहां पहुंचा।

उन्होंने बताया कि सुरक्षा गार्ड ने कुमावत को कॉलोनी में तेज गति से वाहन चलाने पर टोका जिसके बाद दोनों के बीच विवाद हो गया।

अधिकारी ने बताया कि कुमावत वहां से चला गया, लेकिन कुछ देर बाद लौटा और तेज रफ्तार एसयूवी से सुरक्षा गार्ड और उसकी 28 वर्षीय पत्नी ज्योति मालवीय को टक्कर मार दी।

उन्होंने बताया कि जोरदार टक्कर से सुरक्षा गार्ड की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी घायल हो गई।

भाषा हर्ष धीरज

धीरज

धीरज