Breaking News

PM आवास प्रोटेस्टः राहुल गांधी और अखिलेश यादव को पुलिस ने हिरासत में लिया     |   मध्य प्रदेश विधानसभा से पारित हुआ UCC बिल, CM मोहन यादव बोले- ऐतिहासिक पल     |   राहुल-प्रियंका प्रधानमंत्री आवास के करीब धरने पर बैठे, खड़गे समेत कई कांग्रेस सांसद मौजूद     |   सोनम वांगचुक को तुरंत शिफ्ट करें: दिल्ली हाईकोर्ट     |   राहुल गांधी से बात करने के बाद अमित शाह से मिलने पहुंचे जितेंद्र सिंह, गृह सचिव भी साथ     |  

पुडुचेरी में महिला गिरफ्तार, बेंगलुरु में माता-पिता और बहन की हत्या का आरोप

बेंगलुरु, 24 जून (भाषा) बेंगलुरु के एक अपार्टमेंट में अपने माता-पिता और छोटी बहन की कथित तौर पर हत्या करने के बाद फरार 25 वर्षीय महिला को पुडुचेरी से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, आरोपी महिला श्वेता ने अपने प्रेमी केनेथ के साथ मिलकर कथित तौर पर इस वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस ने बताया कि केनेथ अभी फरार है।

अधिकारियों के अनुसार, यह घटना सोमवार रात के. आर. पुरम थाना क्षेत्र के अंतर्गत सीगेहल्ली स्थित एक अपार्टमेंट में हुई, जहां 52 वर्षीय सोमसुंदर, उनकी 48 वर्षीय पत्नी मुथुलक्ष्मी और उनकी 19 वर्षीय छोटी बेटी सुप्रिया मृत पाए गए। तीनों की चाकू से गोदकर हत्या की गई थी।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘‘मामले में आरोपियों का पता लगाने और उन्हें गिरफ्तार करने के लिए एक विशेष टीम का गठन किया गया था और हमने महिला को पुडुचेरी से हिरासत में ले लिया है। कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है और मामले की जांच जारी है।’’

उन्होंने बताया कि फरार केनेथ को पकड़ने के लिए भी प्रयास जारी हैं।

प्रारंभिक जांच का हवाला देते हुए अधिकारी ने बताया कि श्वेता पिछले दो महीनों से कथित तौर पर अपने प्रेमी केनेथ के साथ रह रही थी।

जांचकर्ताओं को संदेह है कि श्वेता के माता-पिता इस रिश्ते का विरोध कर रहे थे, जिसके कारण परिवार के भीतर तनाव की स्थिति होगी।

पुलिस के अनुसार, सोमवार शाम पीड़ित परिवार उस फ्लैट पर गया था, जहां श्वेता और केनेथ रह रहे थे।

जांचकर्ताओं को आशंका है कि इस दौरान किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद तीनों पर कथित तौर पर कई बार चाकू से हमला किया गया।

पुलिस ने कहा कि मामले की जांच जारी है।

भाषा तान्या नेत्रपाल

नेत्रपाल