Breaking News

PM आवास प्रोटेस्टः राहुल गांधी और अखिलेश यादव को पुलिस ने हिरासत में लिया     |   मध्य प्रदेश विधानसभा से पारित हुआ UCC बिल, CM मोहन यादव बोले- ऐतिहासिक पल     |   राहुल-प्रियंका प्रधानमंत्री आवास के करीब धरने पर बैठे, खड़गे समेत कई कांग्रेस सांसद मौजूद     |   सोनम वांगचुक को तुरंत शिफ्ट करें: दिल्ली हाईकोर्ट     |   राहुल गांधी से बात करने के बाद अमित शाह से मिलने पहुंचे जितेंद्र सिंह, गृह सचिव भी साथ     |  

मुंबई में रातभर हुई बारिश, मौसम विभाग ने ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया

(तस्वीरों के साथ जारी)

मुंबई, 24 जून (भाषा) मुंबई में मंगलवार को रातभर बारिश हुई और भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने मुंबई, ठाणे और पालघर के लिए सुबह सात बजे ‘ओरेंज अलर्ट’ जारी किया।

अधिकारियों ने बताया कि रातभर बारिश के बीच शहर के सभी प्रमुख उपमार्ग खुले रहे और यातायात भी काफी हद तक सुचारू रहा।

मौसम विभाग ने बुधवार तड़के चार बजे मुंबई और पालघर के लिए तीन घंटे का ‘रेड अलर्ट’ जारी किया था। विभाग ने इस दौरान गरज के साथ बारिश होने, बिजली गिरने, अत्यधिक तेज बारिश होने और 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की चेतावनी दी थी।

विभाग ने बाद में सुबह सात बजे ‘अलर्ट’ का स्तर कम करके अगले तीन घंटे के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया। मुंबई, ठाणे, रायगढ़, पालघर और सिंधुदुर्ग जिलों में मध्यम से तेज बारिश का अनुमान जताया गया है।

दक्षिण-पश्चिम मानसून अपनी सामान्य आगमन तिथि से 13 दिन की देरी से मंगलवार को मुंबई पहुंचा जिससे भीषण गर्मी से राहत मिली।

मुंबई में मानसून सामान्य रूप से 10 जून को आ जाता है। आईएमडी के आंकड़ों के अनुसार, 2023 में मानसून इससे भी देर से 25 जून को पहुंचा था।

मौसम विभाग के मुताबिक, मानसून के आगमन में सबसे अधिक देरी 1974 एवं 1958 में हुई थी और यह 28 जून को मुंबई पहुंचा था।

एक अधिकारी ने बुधवार को बताया कि रातभर हुई भारी बारिश से सड़क और रेल यातायात फिलहाल प्रभावित नहीं हुआ है तथा शहर के सभी प्रमुख उपमार्ग खुले हैं।

अधिकारी ने बताया कि उपनगरीय रेल नेटवर्क पर सेवाएं सामान्य रूप से संचालित हुईं और बृहन्मुंबई विद्युत आपूर्ति एवं परिवहन (बेस्ट) की बस सेवाओं के संचालन में कोई बाधा पैदा नहीं हुई।

भाषा सिम्मी खारी

खारी